Lakhpati Didi Program: रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा आज 7 मार्च को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
Lakhpati Didi Program: छत्तीसगढ़ के रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा आज 7 मार्च को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियां हिस्सा लेंगी और अपने अनुभव साझा करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आई हजारों लखपति दीदियों से संवाद करेंगे और उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे।
कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदियां यह साझा करेंगी कि कैसे विभिन्न सरकारी योजनाओं और बिहान मिशन से जुड़कर उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। इन अनुभवों के माध्यम से अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लखपति दीदी पर आधारित कॉफी टेबल बुक और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड बुक का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को डिजिटल मंच के माध्यम से नई जानकारी और अवसर मिल सकेंगे।
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।