
Lok Sabha Election 2024: प्रदेश में गर्मी की तपिश के साथ-साथ सियासी पारा भी बढ़ने लगा है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में बस्तर सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होगा। यह सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। इस सीट पर कांग्रेस पिछले चार चुनाव में सिर्फ एक ही बार जीत दर्ज कर पाई है। बाकी तीन चुनाव में यह सीट भाजपा के पास रही है। वहीं, प्रदेश की बाकी चार आरक्षित सीटों पर पिछले चारों लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। सभी चारों सीटें भाजपा की झोली में गई हैं।
रायगढ़ (एसटी) और जांजगीर-चांपा (एससी) सीट पर भाजपा ने एक ही नेता को तीन बार प्रत्याशी बनाया। दोनों ही नेताओं ने तीनों बार कांग्रेस प्रत्याशियों को रेकॉर्ड मतों से पराजित किया। रायगढ़ सीट से वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीन बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। इसी तरह जांजगीर सीट से दो बार कमला पाटले को भाजपा ने प्रत्याशी बना बनाया। उन्होंने दोनों ही बार रेकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की थी।
बस्तर सीट को 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से छीन लिया था। यहां से कांग्रेस के दीपक बैज ने जीत दर्ज की थी। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से सीट छीनने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। इस बार भाजपा ने यहां से महेश कश्यप को तो कांग्रेस ने पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक कवासी लखमा को मैदान में उतारा है।