रायपुर

LPG Gas Cylinder: रायपुर में बड़ी कार्रवाई! पिकअप से 45 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त, कागजात नहीं दिखा पाए चालक

LPG Gas Cylinder: छत्तीसगढ़ के रायपुर में अवैध गैस सिलेंडर परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 45 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं।
2 min read
Mar 26, 2026
LPG gas cylinder: रसोई गैस सिलेंडर लीकेज की शिकायतें (Photo Source - Patrika)
LPG gas cylinder: रसोई गैस सिलेंडर लीकेज की शिकायतें (Photo Source - Patrika)

LPG Gas Cylinder: छत्तीसगढ़ के रायपुर में अवैध गैस सिलेंडर परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 45 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई, जहां वाहन में बड़ी मात्रा में सिलेंडर लोड कर बेचने की तैयारी की जा रही थी।

LPG Gas Cylinder: मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित शान ए पंजाब ढाबा के सामने तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर एक सफेद पिकअप (CG 04 QK 6282) में भारी मात्रा में कॉमर्शियल सिलेंडर लोड हैं। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और वाहन को घेराबंदी कर रोका।

वाहन से मिले भरे और खाली सिलेंडर

वहीँ जांच के दौरान पिकअप के डाला से कुल 45 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 37 भरे हुए 21 किलोग्राम के सिलेंडर, 7 खाली सिलेंडर और एक इंडियन कंपनी का खाली सिलेंडर शामिल था। सभी सिलेंडर अलग-अलग कंपनियों के पाए गए, जिनमें “श्री छत्तीसगढ़ गैस” के सिलेंडर भी शामिल हैं, जिससे अवैध परिवहन और बिक्री की आशंका और मजबूत हो गई है।

चालक-कंडक्टर नहीं दिखा पाए दस्तावेज

पुलिस ने मौके पर मौजूद चालक गिनेश्वर प्रसाद साहू और कंडक्टर लादूराम से सिलेंडरों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वाहन और सिलेंडर मालिक भुपेश्वर प्रसाद साहू के हैं और वे उसके निर्देश पर काम कर रहे थे।

वाहन समेत लाखों का माल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए की पिकअप वाहन और लगभग 74 हजार रुपए कीमत के सिलेंडर को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चूंकि मामला गैस वितरण और आपूर्ति से जुड़ा है, इसलिए आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जब्त सिलेंडरों और संबंधित दस्तावेजों को खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सौंप दिया गया है।

अवैध गैस कारोबार पर सख्ती

इस कार्रवाई को अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेजों के गैस सिलेंडर का परिवहन और बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
26 Mar 2026 05:43 pm
Published on:
26 Mar 2026 05:42 pm