रायपुर

सब्सिडी या गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या पर डॉयल करें टोल फ्री नंबर 1906

रायपुर जिले में ही 20 हजार से ज्यादा लोगों को अभी भी नियमित रूप से सब्सिडी की रकम नहीं मिल रही है

2 min read
Dec 08, 2019
सब्सिडी या गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या पर डॉयल करें टोल फ्री नंबर 1906

रायपुर. राजधानी रायपुर में 20 हजार से ज्यादा घरेलू गैस उपभोक्ताओं के बैंक खाते में गैस सब्सिडी की राशि नहीं पहुंच रही है। इसे लेकर गैस उपभोक्ता परेशान हैं। इस समस्या को लेकर उपभोक्ता बैंक व एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन फिर भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। सब्सिडी या गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या पर आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। सिर्फ आपके द्वारा एक कॉल करने पर आपकी समस्या दूर की जाएगी। इसमें कोई भी व्यक्ति 24 घंटे में कभी भी शिकायत दर्ज करा सकता है। भारत सरकार ने गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एलपीजी इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर चालू किए हैं। इमरजेंसी नंबर 1906 पर कॉल करने पर शिकायत दर्ज की जाएगी। दो घंटे के अंदर एक कारीगर आपके घर आएगा और आपकी समस्या को दूर कर देगा। किसी भी कंपनी के उपभोक्ता इस नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

20 हजार लोगों को नहीं मिल रही सब्सिडी
राजधानी रायपुर में गैस उपभोक्ताओं के खातों में सब्सिडी की रकम भी तय समय में नहीं पहुंच रही है। केवल रायपुर जिले में ही 20 हजार से ज्यादा लोगों को अभी भी नियमित रूप से सब्सिडी की रकम नहीं मिल रही है। छत्तीसगढ़ में 20 लाख से ज्यादा एलपीजी ग्राहक हैं। इसमें अकेले रायपुर में ही सबसे ज्यादा 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। 42 गैस एजेंसियों से इन लोगों को सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। सब्सिडी की रकम खाते में नहीं जाने पर लोग एजेंसी वालों से शिकायत करते हैं तो उन्हें एक ही जवाब दिया जाता है कि आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटो कॉपी फिर से छोड़ दीजिए। लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी और बैंकों में कई बार खातों को लिंक कराने के बावजूद उन्हें तय समय में सब्सिडी नहीं मिल रही है। इमरजेंसी नंबर 1906 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

ऐसे चेक करें गैस सब्सिडी
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन के ब्राउजर में www.mylpg.in टाइप करें। अब आपको दाहिनी ओर गैस कंपनियों के नाम मिलेंगे उनमें से अपने सर्विस प्रोवाइडर के नाम पर क्लिक करें। इसके बाद आपसे एलपीजी आईडी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर मांगा जाएगा। इसके बाद ओके करने पर आपको वित्तीय वर्ष जैसे 2018-19 डालना होगा। इसके बाद आपको सब्सिडी की डिटेल मिल जाएगी। इसमें आपको कब-कब और कितनी राशि सब्सिडी के रूप में आपके अकाउंट में डाली गई की जानकारी मिल जाएगी, वहीं अगर आपके अकाउंट में सब्सिडी का पैसा नहीं आ रहा है तो आप फीडबैक वाले बटन पर क्लिक करके शिकायत भी कर सकते हैं।

इन समस्याओं के होने पर डॉयल करें इमरजेंसी नंबर
गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर से गैस लीकेज होना, रेग्युलेटर से गैस का रिसाव होना और सिलेंडर का वॉल्व खराब होना आदि समस्याओं के होने पर इमरजेंसी नंबर 1906 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के बाद तत्काल प्रभाव से आपकी समस्या का समाधान किया जाएगा।

ये है प्रक्रिया
आपको इमरजेंसी नंबर पर कॉल करना होगा। आपसे पूछा जाएगा आप किस कंपनी का सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद कंज्यूमर नंबर और मोबाइल नंबर पूछे जाएंगे। यह जानकारी देने पर आपकी शिकायत रजिस्टर कर आपको कम्पलेन नंबर दे दिया जाएगा। दो घंटे में आपकी समस्या दूर हो जाएगी।

Published on:
08 Dec 2019 08:16 pm
Also Read
View All