
Mahtari Vandan Yojana: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना में अपात्र लोगों द्वारा लाभ लेने का मामला सामने आने के बाद रिकवरी का सिस्टम शुरु हुआ। हैरानी की बात यह है कि योजना के तहत मिलने वाले एक हजार रुपए प्रतिमाह के लिए सरकारी नौकरी करने वाले लोग भी पीछे नहीं रहे। पात्र महिलाओं के हक की राशि अपात्र हितग्राहियों के खातों में पहुंचती रही।
भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी उजागर होने के बाद अब ऐसे लोगों से राशि की वसूली की जा रही है, लेकिन वसूली की प्रक्रिया में जिम्मेदार अधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। क्योकि कई सरकारी नौकरी वाली महिलाओं ने अपना नंबर बदल लिया है या पता बदल लिया है। ऐसे में राशि रिकवरी करने के लिए विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इनका पता ढूंढ रहे हैं।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत करीब 351 ऐसे लोगों ने लाभ उठाया, जो सरकारी नौकरी पर पदस्थ हैं। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली राशि का लाभ लेते हुए कई हितग्राहियों ने हजारों रुपए अपने खातों में जमा कर लिए। जिले में कुल 11,48, 200 रुपए, सरकारी नौकरी वालों ने पैसे अपने खाता में लिया।
वसूली की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के मोबाइल नंबर और पते तक बदलने की जानकारी सामने आई है। इससे संबंधित हितग्राहियों तक पहुंचना और उनसे संपर्क करना मुश्किल हो रहा है। राशि वापस लेने के लिए विभाग को बार-बार प्रयास करने पड़ रहे हैं। वहीं, बकाया राशि जमा नहीं करने वाले लोगों से वसूली की प्रक्रिया जारी है।
भौतिक सत्यापन के दौरान अपात्र हितग्राहियों का मामला सामने आने के बाद संबंधित लोगों से राशि वापस लेने की कार्रवाई शुरू की गई। अब तक 189 लोगों से कुल 6 लाख 72 हजार 500 रुपए की वसूली की जा चुकी है। हालांकि, वसूली का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, 162 लोगों से अब भी 4 लाख 75 हजार 700 रुपए की राशि वसूलना बाकी है। ऐसे में विभाग के सामने बकाया राशि की वसूली करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
शैल ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, जिन सरकारी नौकरी वालों ने महतारी वंदन योजना के तहत पैसा लिया था, उनसे वसूली की जा रही है। अब तक 189 लोगों से 6,72,500 रुपए की वसूली की जा चुकी है। लेकिन कुछ लोगों ने पता और नंबर बदल लिया है, इसके कारण दिक्कतें आ रही है।