रायपुर

दशहरे की आड़ में चल रहा था अश्लील नाच, नोट उड़ाते कांग्रेसी नेता को देख भाजपाइयों ने किया हल्ला बोल

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां रावण दहन के बाद जो आयोजन हुआ, उसकी वजह से मामला सियासी हो चला है। कार्यक्रम के कुछ वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं। दरअसल वीडियो में लड़कियों का डांस है, भाजपा इसे अश्लील बता रही है।

3 min read
Oct 07, 2022

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां में दशहरे का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रावण दहन के बाद जो आयोजन किया गया था उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसे लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। दरअसल वीडियो में लड़कियों के काफी बोल्ड डांस हैं और इस वीडियो में कई युवक लड़कियों पर नोट उड़ाते दिख रहे हैं। भाजपा इसे अश्लील बता रही है और कार्यक्रम में चूंकि कांग्रेस नेता शामिल थे, इसलिए कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। बिलासपुर से आई लड़कियों के बोल्ड डांस देखकर भीड़ ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कांग्रेस के नेताओं ने नोट भी उड़ाए, कार्यक्रम का मजा सियासत और प्रशासन से जुड़े लोग भी ले रहे थे। इसलिए मामला चर्चा में आ गया।

डांस प्रोग्राम में मुख्य अतिथि इलाके के विधायक डॉ.विनय जायसवाल थे। कार्यक्रम में शामिल हुए युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष मनोज शर्मा ने लड़कियों पर पैसों की बारिश की। इस दौरान खड़गवां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साहू भी मंच के करीब बैठकर लड़कियों का डांस देख रहे थे।

भाजपाइयों ने लिया आड़े हाथ
छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने मनेन्द्रगढ़ इलाके में कांग्रेस नेताओं, अफसरों द्वारा विजयादशमी के धार्मिक अवसर पर अश्लील नृत्य करने वाली डांसर पर नोटों की बरसात की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में यह किस अपसंस्कृति का प्रदर्शन कर रही है और अश्लीलता पर लुटाने के लिए कांग्रेसियों और कांग्रेस सरकार के अफसरों के पास यह रकम आ कहां से रही है। घपलों घोटालों और कमीशनबाजी से बटोरा गया धन अश्लीलता पर बरसाया जा रहा है।

कितनी लज्जाजनक स्थिति है कि गांधी जी के दर्शन पर व्याख्यान देने वाले कांग्रेसी, गांधी जी के सिद्धांतों पर चलने का ढिंढोरा पीटने वाले कांग्रेसी अश्लीलता पर आनंदित होकर वही नोट फेंक रहे हैं, जिन पर पूज्य बापू का चित्र अंकित है। यह जो संस्कृति कांग्रेस के नेता दिखा रहे हैं, वह छत्तीसगढ़ की संस्कृति के साथ साथ बापू का भी अपमान है। विजयादशमी जैसे राष्ट्रवादी चेतना का महापर्व पर गंदगी फैलाने से बाज न आने वालों की हरकत देखकर छत्तीसगढ़ शर्मसार हो रहा है। आज के संचार क्रांति के युग में दुनिया भर तक कांग्रेस का यह सांस्कृतिक कार्यक्रम और उसकी संस्कृति पहुंच गई है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने सवाल किया है कि धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर अश्लील डांस कराने और बेहूदगी पर देश की मुद्रा फेंकने वाले कांग्रेस नेताओं और इसमें शामिल होने वाले सरकारी अफसरों और कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। समाज में गंदगी फैलाने वालों को सरकार का संरक्षण यह साबित कर रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कैसा नवा छत्तीसगढ़ गढ़ रहे हैं।

पुलिसकर्मी भी ले रहे थे डांस का मजा
जनपद ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में लाइव ऑर्केस्ट्रा के बीच लड़कियां डांस कर रही थीं। टना टना टूरी... गाने पर डांस कर रही युवतियों को देख जवान मुस्कुरा रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पहुंचे ड्राइवर भी पूरी मस्ती में दिखे। कुछ तो स्टेज पर चढ़कर नाचने लगे, जिन्हें बाद में नीचे उतारा गया।

Published on:
07 Oct 2022 02:37 pm
Also Read
View All