रायपुर

रेलवे ने लिया दोतरफा ब्लॉक, मेमू रद्द, एक्सप्रेस लेट, यात्री हो रहे हलाकान

दो दिनों से जहां कई लोकल गाडिय़ों को रद्द किया गया वहीं कई ट्रेनें घंटों देरी से रायपुर जंक्शन पहुंची
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2018, 10:50 AM IST
CGNews
रेलवे ने लिया दोतरफा ब्लॉक, मेमू रद्द, एक्सप्रेस लेट, यात्री हो रहे हलाकान

रायपुर. भिलाई में रेलवे ओवरब्रिज पर गर्डर लांचिंग और बिलासपुर तरफ रेल पटरी अग्रेडेशन कार्य के कारण ट्रेन यातायात काफी प्रभावित रहा। दो दिनों से जहां कई लोकल गाडिय़ों को रद्द किया गया। वहीं कई ट्रेनें घंटों देरी से रायपुर जंक्शन पहुंची। बुधवार को स्टेशन में गाडिय़ां के इंतजार में यात्रियों की काफी भीड़ रही।

भिलाई में रेलवे ओवरब्रिज पर 15 और 16 नंवबर को ब्लाक लिया गया। इस दौरान लगातार दो दिनों तक रेल यातायात प्रभावित हुआ। शुक्रवार को डोंगरगढ़-रायपुर मेमू, रायपुर-दुर्ग मेमू, दुर्ग-रायपुर मेमू रद्द रही। वहीं डोंगरगढ़ से रायपुर आने वाली लोकल ट्रेन को दुर्ग में ही समाप्त कर दिया गया। आमतौर पर इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्री आना-जाना करते हैं। उन्हें दूसरी ट्रेनों के आने का इंतजार करना पड़ा। जिस यात्री को जहां जगह मिली उन ट्रेनों में सवार होकर रवाना हुए। वहीं प्लेटफार्म पर काफी भीड़ रही।

तीन से चार घंटे लेट
रेलवे के परिचालन के अनुसार गोंडवाना एक्सप्रेस 3 घंटा, भगत की कोठी-बिलासपुर 2.15, सारनाथ एक्सप्रेस 5 घंटा, शिवनाथ एक्सप्रेस 3.30 घंटा तथा बरौनी एक्सप्रेस 2 घंटा देरी से रायपुर जंक्शन आई।

अंत्योदय एक्सप्रेस कल और 25 को रद्द
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल से चलने वाली दो गाडियों को उतर रेलवे में आवश्यक रखरखाव का कार्य चलेगा। इस कारण 18 एवं 25 नवंबर को दुर्ग से छूटने वाली 22895 दुर्ग-फिरौजपुर अंत्योदय एक्सप्रेस रद्द रहेगी और 20 एवं 27 नवंबर को फिरौजपुर से दुर्ग के लिए रद्द रहेगी। इससे पहले 17 नवंबर को टिटलागढ़-लखौली स्टेशन के बीच मरम्मत कार्य के चलते कोरबा-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस कोरबा से 2.15 घंटा देरी से रवाना होगी।

यशवंत एक्सप्रेस का अस्थायी ठहराव
श्री सत्य साई सेवा संगठन के अध्यात्मिक उत्सव को देखते हुए यशवंतपुर-कोरबा के बीच चलने वाली 12251 यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस का दक्षिण पश्चिम रेलवे के श्री सत्य साई प्रशंति निलयम रेलवे स्टेशन में 24 एवं 28 नवम्बर को अस्थाई ठहराव दिया जा रहा है। यह गाडी श्री सत्य साई प्रशंति निलयम रेलवे स्टेशन मे 1.59 बजे पहुचकर 2 बजे रवाना होगी। इसी तरह विश्व प्रसिद्ध सांची में बौद्ध मेला के दौरान कई ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है।

Published on: