
Hospital News: दीपावली त्योहार के रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में अलर्ट जारी किया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने सभी विभागों को जरूरी दवाइयों, इंजेक्शन और जीवनरक्षक मेडिकल उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा है। इसके साथ ही डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मेडिकल स्टाफ को भी आपातकालीन सेवाओं के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान आने वाले मरीजों को इलाज में देरी न हो।
दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवकाश के चलते मेकाहारा अस्पताल की ओपीडी दो दिनों तक बंद रहेगी। 8 नवंबर को रविवार और 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश होने के कारण मरीजों को नियमित ओपीडी की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि, इस दौरान अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे संचालित रहेंगी।
अस्पताल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 7 नवंबर को छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी के दिन ओपीडी सामान्य रूप से संचालित होगी। इसके बाद 8 और 9 नवंबर को अवकाश रहेगा। 10 नवंबर मंगलवार से नियमित ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू हो जाएंगी। मरीजों को सलाह है कि नियमित जांच या डॉक्टर से परामर्श की जरूरत होने पर वे 7 नवंबर या फिर 10 नवंबर से अस्पताल पहुंचने की योजना बनाएं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति में ओपीडी खुलने का इंतजार न करें और सीधे इमरजेंसी सेवा का लाभ लें।
त्योहार के दौरान पटाखों से जलने, आग लगने, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात घटनाओं की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को तैयार रहने को कहा है। इसके लिए जरूरी दवाइयों और इंजेक्शन का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। ऐसे में मेकाहारा की इमरजेंसी टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।