रायपुर

राजस्थान का कुरियर ब्वॉय नकली नोटों के साथ गिरफ्तार, कई कारोबारी संदेह के दायरे में

वोटिंग से एक दिन पहले लाखों रुपए के साथ पकड़ा गया राजस्थान का युवक हवाला कारोबारियों का कुरियर ब्वॉय निकला
2 min read
Nov 24, 2018
Chhattisgarh
राजस्थान का कुरियर ब्वॉय नकली नोटों के साथ गिरफ्तार, कई कारोबारी संदेह के दायरे में

रायपुर . वोटिंग से एक दिन पहले लाखों रुपए के साथ पकड़ा गया राजस्थान का युवक हवाला कारोबारियों का कुरियर ब्वॉय निकला। उसके पास 13 हजार रुपए नकली नोट बरामद हुआ है। इसका उपयोग हवाला का पैसा एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए कोडवर्ड के रूप में करता था। बताया जाता है कि चुनाव में हवाला के जरिए मिले करोड़ों रुपए इसी तरीके से खपाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को वोटिंग के एक दिन पहले 17 लाख रुपए के साथ पकड़ा था। उस दौरान उसके पास नकली नोट नहीं मिले थे।

पुलिस के मुताबिक राजस्थान के बीकानेर निवासी 21 वर्षीय मांगीलाल हुड्डा के पटवा कॉम्पलेक्स स्थित घर से 13 हजार रुपए नकली नोट बरामद हुआ है। इसमें 2 हजार के 4 और 500 रुपए के 10 नोट हैं। आरोपी नकली नोट राजस्थान से लेकर आया था और रायपुर में खपाने की कोशिश में लगा था। इस बीच पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने उसे वोटिंग के एक दिन पहले 17 लााख रुपए के साथ पकड़ा था। पुलिस ने मामला आयकर विभाग को सौंप दिया। आयकर में आय का स्त्रोत नहीं बता पाया। इस कारण आयकर विभाग ने 17 लाख सीज कर दिया है। इसके बाद उसे छोड़ दिया। इस बीच पुलिस को मांगी लाल के पास नकली नोट की जानकारी मिली थी।

कारोबार की आड़ में गोरखधंधा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मांगीलाल करीब साल भर से रायपुर में हार्डवेयर व्यवसाय की आड़ में हवाला कारोबारियों के लिए कुरियर बॉय का काम करता है। एक से दो फीसदी कमीशन लेकर लाखों-करोड़ों रुपए एक कारोबारी से दूसरे कारोबारी तक पहुंचाता है। 17 लाख रुपए भी हवाला का पैसा था, जिसे एक कारोबारी तक पहुंचाना था। इस राशि का चुनाव में इस्तेमाल होना था। बताया जाता है कि मांगी लाल इससे पहले करोड़ों रुपए इधर से उधर कर चुका है। पुलिस की टीम जांच में लगी हुई है।

कई कारोबारी संदेह के दायरे में
मांगीलाल काफी दिनों से कुरियर बॉय की तरह काम कर रहा है। उसने कई कारोबारियों तक पैसा पहुंचाया है। पुलिस इसकी जांच में लगी हुई है। उल्लेखनीय है कि रायपुर में हवाला कारोबार बड़े पैमाने पर चलता है। पिछले साल कोतवाली इलाके में पचपेड़ी नाका का मार्बल कारोबारी के पास भी हवाला के जरिए लाखों रुपए पहुंचा था। लेकिन कुरियर बॉय ने पैसा अपने पास ही रख लिया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हवाला का पैसा वापस कारोबारी को मिला था। कारोबारी के खिलाफ आज तक पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई है।

Updated on:
24 Nov 2018 10:41 am
Published on:
24 Nov 2018 10:41 am