रायपुर

सुकमा हमला, बैन के बावजूद नक्सल इलाके में हो रहा इसका इस्तेमाल

सीआरपीएफ के पूर्व डीजी ने कहा- आत्मघाती है माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल का इस्तेमाल।
2 min read
• •
Updated: 14 Mar 2018, 7:30 AM IST
cg news

आवेश तिवारी / रायपुर . छत्तीसगढ़ में माओवादी ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ को माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल (एमपीवी) के इस्तेमाल की मनाही थी फिर भी काम्बिंग आपरेशन के दौरान माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जाता रहा है। नतीजा यह हुआ कि मंगलवार को माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट से 9 जवानों की मौत हो गई है। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

पत्रिका के साथ बातचीत में सीआरपीएफ के पूर्व डीजी प्रकाश मिश्र ने कहा है कि हमने इस बात की व्यवस्था कर रखी थी कि माओवादी क्षेत्रों में माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल का इस्तेमाल न किया जाए, क्योंकि यह व्हीकल माओवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले आईईडी के ब्लास्ट को सहन करने में समर्थ नहीं है। आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि सीआरपीएफ की मनाही के बावजूद केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष 250 की संख्या में एंटी बुलेट और एंटी माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल की खरीदी की प्रक्रिया शुरू कर दी।

2013 में लगाईं गई थी पाबंदी
छत्तीसगढ़ में माओवादियों द्वारा माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल उड़ाने की घटना इसके पहले 13 अप्रैल 2015 को घटी थी, जब एंटी लैंड माइंस व्हीकल में हुए ब्लास्ट में चार जवानों की मौत हुई थी और 11 जवान घायल हुए थे। इसके पहले भी लगातार घटनाएं घटती रही हैं, लेकिन उसके बावजूद बारूदी सुरंग रोधी वाहनों की खरीदी का काम जारी रहा। मौजूदा समय में छत्तीसगढ़ में अर्धसैनिक बलों के पास 58 माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल हैं। वही आर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड से 30 अतिरिक्त वाहनों की खरीदी की प्रक्रिया चल रही है।

माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल का इस्तेमाल बंद हो
सीआरपीएफ के पूर्व डीजी प्रकाश मिश्र का कहना है कि हम हमेशा से इस पक्ष में रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में माइंस प्रोटेक्टेड व्हीकल का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद होना चाहिए और पैदल ही जाना चाहिए।

कब-कब उड़ाई गई एमपीवी
5 सितम्बर 2005: बीजापुर में माओवादियों द्वारा आईईडी से किए गए ब्लास्ट में एमपीवी में ब्लास्ट। 24 जवानों की मौत।
10 जून 2011: माओवादियों ने दंतेवाडा के कटकलियां इलाके में 70 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल कर एंटी लैंड माइन व्हीकल को उड़ा दिया था। उक्त घटना में 7 एसपीओ और तीन जवानो की मौत हुई थी।
13 अप्रैल 2015: दंतेवाड़ा के चोलनार इलाके में एंटी लैंड माईन व्हीकल में हुए ब्लास्ट में चार जवानों की मौत हुई थी और 11 जवान घायल हुए थे।
25 अप्रैल 2017- दंतेवाडा ने माओवादियों ने एंटी लैंड माईन व्हीकल में आग लगाईं।

Published on: