रायपुर

सुकमा में हुए मुठभेड़ का बदला लेने नक्सलियों ने फूंका 2 यात्री बस

50 से ज्यादा हथियारबंद माओवादियों ने दो यात्री बसों और एक ट्रक को आग लगा दी
2 min read
• •
Updated: 9 Aug 2018, 8:57 AM IST
naxal
सुकमा में हुए मुठभेड़ का बदला लेने नक्सलियों ने फूंका 2 यात्री बस

जगदलपुर. दंतेवाड़ा जिले में बचेली मार्ग पर 50 से ज्यादा हथियारबंद माओवादियों ने बुधवार रात 8 बजे दो यात्री बसों और एक ट्रक को आग लगा दी। दंतेवाड़ा के एएसपी गोरखनाथ बघेल ने बताया कि गमावाड़ा के करीब माओवादियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक जब बस यहां से गुजर रही थी, उसी दौरान हथियारबंद माओवादियों ने पहले तो रास्ता रोका। बस रुकने के बाद माओवादियों ने सभी यात्रियों को जल्दी बस से उतरने को कहा।

माओवादियों ने फिर बस का डीजल टैंक फोडक़र डीजल निकाला और बस पर छिडक़र उसे आग के हवाले कर दिया। इनमें से एक बस दुबे ट्रेवल्स व दूसरी गुप्ता ट्रेवल्स की बताई जा रही है। माओवादियों की इस वारदात को बदले की नजर से देखा जा रहा है।

बता दें कि सुकमा जिले के नुलकातोंग इलाके में दो दिन पहले सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में 15 माओवादियों को मार गिराया था। इसके बाद से माओवादी बदला लेने की फिराक में थे। माआेवादियों की इस घटना को मुठभेड़ में हुई बौखलाहट के रूप में देखा जा रहा है। पर पुलिस ने भी माओवादियों की इस वारदात का मुंह तोड़ जवाब देने की ठान ली है। बताया जा रहा है कि इस वारदात को 50 से अधिक हथियार बंद माओवादियों ने मिलकर अंजाम दिया है। जिसमें दो सवारी बस व एक ट्रक को फूंका।

दंतेवाड़ा जिले के कामालूर के पास माओवादियों द्वारा पटरी की फिश प्लेट उखाड़ दिए जाने से विशाखापट्नम से किरंदुल लौट रही केके लाइन पैसेंजर ट्रेन बुधवार की देर रात डीरेल हो गई। बताया जाता है कि पैसेंजर ट्रेन का सिर्फ इंजन उतरने से कोई हताहत नहीं हुआ। खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंच पाई थी।

Published on: