
Nepal Flood News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नेपाल घूमने के लिए निकला 26 वर्षीय एलएलबी छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनापुरी निवासी सेवत कुमार साहू 15 अगस्त की शाम घर से नेपाल जाने की बात कहकर निकला था। शुरुआत में वह लगातार परिवार के संपर्क में था और सफर से जुड़ी जानकारी भी परिजनों को देता रहा, लेकिन 20 अगस्त की शाम अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, बिजनापुरी निवासी सेवत कुमार साहू 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे घर से नेपाल घूमने जाने की बात कहकर निकला था। परिवार के मुताबिक, शुरुआत में यात्रा सामान्य रही। सेवत अपने परिजनों से फोन पर संपर्क करता रहा और सफर के दौरान अपनी स्थिति के बारे में जानकारी देता रहा।
परिजनों के अनुसार, 19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन किया था। उसने यात्रा के दौरान पैसों की जरूरत होने की बात कही। बेटे की जरूरत को देखते हुए पिता ने फोन-पे के माध्यम से उसके पास 700 रुपए भेजे। इसके अगले दिन यानी 20 अगस्त को भी सेवत की परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने बताया था कि वह बनारस से आगे सफर कर रहा है।
इसके बाद परिवार ने कई दिनों तक अपने स्तर पर सेवत की तलाश की। इस बीच 22 अगस्त को उसके मोबाइल नंबर पर फोन करने पर किसी दूसरे व्यक्ति ने कॉल रिसीव किया। उसने बताया कि मोबाइल उसे प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है। मोबाइल प्रयागराज में मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। सेवत नेपाल पहुंचा था या नहीं, वह प्रयागराज तक कैसे पहुंचा और उसका मोबाइल रेलवे फाटक के पास किन परिस्थितियों में मिला, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कई दिनों तक तलाश करने के बाद जब सेवत का कोई पता नहीं चला तो उसके पिता 4 सितंबर को कुरूद थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामले को जांच में लिया है। अब पुलिस सेवत की यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ उसके मोबाइल की आखिरी गतिविधियों और प्रयागराज में फोन मिलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।