पहले यह कहा जा रहा था कि मालवीय रोड में इस दिवाली सीजन में चार पहियों की एंट्री पूरी तरह से बैन होगी
रायपुर. त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को पुलिस प्रशासन, व्यापारी संघ व निगम टीम ने सामूहिक दौरा किया। जयस्तंभ चौक से लेकर कोतवाली चौक तक इंतजामों की बारीकी से देखा गया। बातचीत में ट्रैफिक प्लान और पार्किंग पर विस्तार से चर्चा की गई। निष्कर्ष निकला कि बाजारों में भीड़ बेकाबू होने पर चार पहिया व ऑटो की एंट्री बैन होगी, वहीं पार्किंग के मुताबिक बाजारों को तीन सेक्टरों में बांटा जाएगा।
पहले यह कहा जा रहा था कि मालवीय रोड में इस दिवाली सीजन में चार पहियों की एंट्री पूरी तरह से बैन होगी, लेकिन शनिवार को व्यापारी संगठनों के साथ दौरे के दौरान यातायात पुलिस ने साफ किया है कि बाजार में भीड़ बेकाबू होने की स्थिति में कारों व अन्य चार पहियों की एंट्री बैन होगी। तब तक वाहनों के आवागमन से राहत रहेगी।
दुकानदार अपनी गाड़ी रखेंगे पार्किंग में
कारोबारियों में सहमति बनी कि त्योहारी सीजन तक दुकानों के कर्मचारियों के गाडिय़ों की पार्र्किंग मल्टीलेवल पार्र्किंग में होगी, ताकि ग्राहकों को जगह मिल सके। बाजार के निरीक्षण के दौरान मालवीय रोड व्यपारी संघ के महासचिव राजेश वासवानी ने बताया कि पुलिस प्रशासन से मुलाकात करते हुए त्योहारी सीजन तक बाजारों में चार पहियों के आवागमन पर राहत मिली है। व्यापारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि निजी गार्ड रखकर यातायात व्यवस्था में मदद की जाएगी।
इस मौके पर एडिशनल एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक वर्मा, सतीश ठाकुर व अन्य पुलिस अधिकारियों सहित निगम अफसर व चैम्बर के अध्यक्ष जितेन्द्र बरलोटा, मालवीय रोड के अध्यक्ष तरल मोदी, महामंत्री राजेश वासवानी, जयंती भंसाली, अजीत सिंग कम्बो, राजेन्द्र अग्रवाल आदि शामिल रहे।
यह रहेगी व्यवस्था
1. 09 क्रे न: रोड व नो पार्किंग पर गाडियां खड़ी करने व यातायात बाधित करने पर 07 दो पहिया टोइंंग क्रेन तथा 02 नग चार पहिया टोइंग क्रेन तैनात किया जाएगा।
2. उडनदस्ता टीम: बाहर रोड पर सामान निकालकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारो पर कार्यवाही के लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम उडनदस्ता पार्टी तैनात रहेगी।
3. सादे कपड़ों में: प्रभावी कार्यवाही हेतु सादे कपड़ों मे यातायात पुलिस तैनात किया जाएगा।
4. ट्रैफिक वार्डन: ट्रैफिक वार्डन तैनात किया जाएगा, जो आम नागरिकों को यातायात व्यवस्था बनाने जाने के संबंध में जागरूकता लाएंगे।
5. हेल्पलाइन: यातायात हेल्पलाइन नम्बर 0771-4247119 जारी किया गया है।
6. ड्रोन कैमरा: वीडियो कैमरा से लैस ड्रोन की मदद से बाजार के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में नजर रखी जाएगी।
20 निजी गार्ड
मालवीय रोड पर यातायात को कंट्रोल करने के लिए २० निजी गार्ड की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ वे हर मिनट अपने-अपने दुकानों के सामने ट्रैफिक को दुरूस्त करते रहेंगे।
ठेलों पर होगी कार्यवाही
मालवीय रोड, श्री बंजारी रोड बाजार, गोलबाजार आदि प्रमुख बाजारों में सडक़ पर ठेला लगाने वालों पर कार्यवाही होगी। इन्हें बाजार से दूर अन्यत्र स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां पूजा के सामानों की बिक्री होगी।
25 बाइक पेट्रोलिंग तैनाती
त्यौहारी सीजऩ के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए 25 बाइक पेट्रोलिंग की तैनाती की जाएगी, जो जीपीएस सिस्टम एवं व्हीकल एमोब्लाइजर से लैस रहेगी। इससे नो-पार्किंग पर कार्यवाही होगी।
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
1. जोन 01- मालवीय रोड, सदर बाजार रोड, एम जी रोड, शास्त्री बाजार, गोल बाजार, केके रोड, जीई रोड में आमापारा बाजार क्षेत्र इस रोड के दुकानों में खरीदारी करने वाले लोग अपना वाहन गांधी मैदान, सप्रे शाला मैदान, सीरत मैदान, मल्टी लेवल पार्किंग, भैंसथान, हिन्द स्पोट्र्स मैदान लाखे नगर में अपना वाहन पार्क कर सकते हैं।
2. जोन 02- स्टेशन रोड, केलकर पारा रोड गंज बांसटाल मैदान पार्किंग फाफाडीह, पीली बिल्डिंग क्षेत्र में आने वाले अपना वाहन गंज मण्डी मैदान में पार्क कर सकतें हैं।
3. जोन 03- पण्डरी कपड़ा मार्केट कपड़ा मार्केट स्थित खाली मैदान में एवं तेलीबांधा जी.ई. रोड में आने वाले व्यक्ति अपना वाहन रोड किनारे पीली लाइन के भीतर अपना वाहन पार्क कर सकतें हैं।
ये है यातायात पुलिस का प्लान बेरिकेटिंग यहां
1. मालवीय रोड में एडिशनल एसपी दफ्तर के सामने।
2. कोतवाली चौक के सामने
3. एवरग्रीन चौक के पास