
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार बस और टाटा एस में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हुई है। खबरों के मुताबिक इस हादसे में १ शख्स की मौक पर ही मौत हो गई। जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस को स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, यह दर्दनाक सड़क हादसे की घटना रायपुर से करीब 18 किमी दूर दोंदेकला के पास की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खरोरा से आ रहे टाटा एस और विपरीत दिशा से आ रही यात्री बस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टाटा एस और बस की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। लोगों ने जब इस सड़क हादसे को देखा तो किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। फिर पुलिस को इस सड़क हादसे की जानकारी दी। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार टाटा एस वाहन में कुल तीन लोग सवार थे, जो उरकुरा और बीरगांव के बताए जा रहे हैं। हादसे में मौत की सूचना से लोगों में हड़कंप है। वहीं लोगों को गुस्सा उस वक्त भड़क उठा जब घटना के काफी देर बीत जाने के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इस सड़क हादसे में पुलिस के लापरवाह रवैए से स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। हालांकि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।