Online Betting Market: टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सट्टा बाजार में करोड़ों रुपये का दांव लगाया जा रहा है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बेटिंग जारी है।
Online Betting Market: T20 वर्ल्ड कप में रविवार को होने वाले इंडिया-पाकिस्तान मैच को लेकर सट्टा बाज़ार में काफ़ी चर्चा है। मैच पर करोड़ों रुपये का दांव लगाया जा रहा है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से सट्टा लगाया जा रहा है। बुकी बड़े खिलाड़ियों को लुभाने के लिए खास ऑफ़र भी दे रहे हैं। बुकी के मुताबिक, इंडियन टीम को फेवरेट माना जा रहा है और उसी हिसाब से ऑड्स तय किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, सटोरियों ने बिना किसी डर के काम करने के लिए किराए के कमरे और कुछ होटलों में बुकिंग कर रखी है। क्रिकेट विश्वकप शुरू होते ही पुराने और कुख्यात सटोरिए फिर सक्रिय हो गए हैं। अलग-अलग ठिकानों से सट्टे का संचालन किया जा रहा है। पुलिस को इसकी भनक लगते ही निगरानी बढ़ा दी गई है और धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख 35 हजार रुपये नकद के साथ चार सटोरियों को गिरफ्तार किया। आरोपी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा खिला रहे थे और मास्टर आईडी बेचने का काम भी कर रहे थे। पुलिस ने उनके बैंक खातों में मौजूद करोड़ों रुपये होल्ड करा दिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी शामिल हैं। कार्रवाई गंज थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सिंधु भवन पार्किंग के पास दबिश देकर उन्हें पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास ऑनलाइन बेटिंग साइट्स की मास्टर आईडी थी, जिसके माध्यम से वे कई लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर सट्टा खिला रहे थे। शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
राजधानी में सट्टे के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट्स और नई तकनीक की मदद लेना शुरू किया है। ड्रोन से लोकेशन ट्रेस कर छापेमारी की जा रही है। पिछले एक सप्ताह में कई खाईवाल और सटोरियों के गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि मुख्य सरगना अभी भी पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से 50 लाख से अधिक नकद सहित करीब 80 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया। इसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का एक और बड़ा नेटवर्क उजागर किया। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 37.50 लाख रुपये नकद और कुल 92.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। जांच में अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन के संकेत भी मिले हैं, जिससे मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि राजधानी में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े रसूखदारों और संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।