रायपुर

National Cashew Day: धान के कटोरे में काजू की मिठास, खुली कमाई की नई राह

राष्ट्रीय काजू दिवस पर विशेष: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 3400 एकड़ में हैं काजू के बागान, 2.34 लाख पौधों से उत्पादन
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 2:28 AM IST
National Cashew Day

National Cashew Day: छत्तीसगढ़ की पहचान धान की खेती से रही है, लेकिन अब यहां की मिट्टी में काजू की मिठास भी घुल रही है। खासकर जशपुर जिले में काजू की खेती किसानों के लिए आमदनी का नया जरिया बन रही है। नाबार्ड की मदद से जिले के पांच ब्लॉकों में करीब 7800 किसान काजू की खेती कर रहे हैं।

यहां लगभग 3400 एकड़ क्षेत्र में 2 लाख 34 हजार काजू के पौधे लगाए गए हैं। काजू के ये बागान अब स्थानीय उत्पादन के साथ बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। काजू की खेती में सहयोग करने वाली संस्था रीट्स के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के मुताबिक काजू एक बार लगाया जाने वाला पौधा है। पौधे के चार से पांच साल का होने पर उत्पादन शुरू हो जाता है और अच्छी देखभाल के साथ करीब 50 साल तक फल मिल सकते हैं।

यानी शुरुआती मेहनत और निवेश के बाद लंबे समय तक इससे आमदनी की संभावना बनी रहती है। जशपुर में काजू की वेंगुर्ला 4 और वेंगुर्ला 7 किस्में लगाई जा रही हैं। इनकी खासियत बड़े आकार के दाने हैं।

खेती से आगे बढ़ी प्रोसेसिंग-ब्रांडिंग: जशपुर में काजू की खेती के साथ अब इसके प्रसंस्करण और बिक्री पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिले में दो प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित हैं। यहां तैयार काजू 'जशपुरकाजू' और 'जशपुरियाकाजू' नाम से बेचा जा रहा है।

ऑनलाइन बिक्री: इसकी बिक्री ऑनलाइन कॉमर्स वेबसाइटों के जरिए हो रही है। साथ ही सीधे ग्राहकों और होटलों तक भी इसकी आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग-ब्रांडिंग से किसानों के उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

जशपुर समेत कई जिलों में खेती: जशपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के कई जिलों में काजू की खेती होती है। इनमें प्रमुख रूप से बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर शामिल हैं। इसके अलावा रायगढ़ और कोरबा में भी काजू की खेती के क्षेत्र हैं। जशपुर और बस्तर संभाग के कई इलाके काजू की बागवानी के लिए अनुकूल माने जाते हैं।