रायपुर

Teejan Bai: पंडवानी गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई एम्स रायपुर में भर्ती, हालत नाजुक

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने बेहतर उपचार और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, परिजनों से फोन पर बात की...
2 min read
Teejan Bai

सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई (Padma Vibhushan Teejan Bai) की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर में भर्ती कराया गया है। एम्स (AIIMS Raipur) में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी विशेष निगरानी कर रही है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार तीजन बाई को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में तकलीफ और उम्र से संबंधित अन्य जटिलताओं के कारण आईसीयू (ICU) में रखा गया है। एम्स प्रबंधन द्वारा उनके स्वास्थ्य पर पल-पल की नजर रखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने पद्मविभूषण तीजन बाई के अस्वस्थ होने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। सीएम साय ने 4 जुलाई को तीजन बाई के परिजनों से फोन पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने जिला प्रशासन (District Administration) को निर्देश दिए हैं कि तीजन बाई के उपचार, निरंतर चिकित्सकीय निगरानी तथा सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा उपलब्ध हो सके।

सीएम ने की स्वास्थ्य लाभ की कामना : मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय पंडवानी (Pandvani) शैली और विलक्षण कला-साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनका योगदान राज्य की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि तीजन बाई शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः अपनी अनुपम कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) और देश का गौरव बढ़ाती रहें।

अनुज शर्मा पहुंचे एम्स: छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार भाजपा विधायक अनुज शर्मा (BJP MLA Anuj Sharma) शनिवार को एम्स पहुंचे। वहां उन्होंने सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई का कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों से उनके इलाज के संबंध में चर्चा की। अनुज शर्मा ने तीजन बाई (Tijan Bai) के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।