
Patwari RI Promotion Scam: पटवारियों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नत करने के लिए करीब 150 अभ्यर्थियों से 2.25 करोड़ की वसूली हुई। सौदेबाजी के बाद रकम मिलने पर हस्तलिखित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया। ईओडब्ल्यू की चार्जशीट के अनुसार सहायक सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र जाटव और हेमंत कुमार कौशिक ने परीक्षा से पहले ही पेपर लीक किया था। पूछताछ के लिए दिल्ली से गिरफ्तार कर 23 नवंबर तक रिमांड पर लिए गए आरोपी सगे भाई वीर सिंह और अरविंद जाटव से इसकी जानकारी मिली।
जांच एजेंसी ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के थाना उमरी स्थित ग्राम घनाकी गडि़या निवासी को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पदोन्नति के लिए 7 जनवरी 2024 को आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा विभागीय परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। लेकिन बाद में पेपर लीक और अनियमितताएं सामने आने पर परीक्षा को निरस्त कर दिया गया।
गोपनीयता भंग करने के लिए परीक्षार्थियों से ओएमआर शीट पर मोबाइल नंबर लिखवाए गए। ताकि परीक्षा के बाद उनकी पहचान कर अंकों में हेराफेरी की जा सके। परीक्षा केंद्रों में पटवारियों उनके रिश्तेदारों भाई-बहनों को पास-पास बैठाया गया। वहीं सेवा अवधि के अनिवार्य तीन वर्ष पूरे नहीं करने वाले और अपात्र होने के बाद भी अभ्यर्थी अंकित शर्मा को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी कर चयनित किया गया।
बता दें कि इस मामले के मुख्य आरोपी सहायक सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र जाटव ने निजी लैपटॉप लेकर तत्कालीन संचालक के रोहिणीपुरम स्थित घर पहुंचे थे। वहां 30 हस्तलिखित सवाल कंप्यूटर पर टाइप किए गए, जबकि बाकी 20 सवाल किताबों से लिए गए। इसके बाद प्रश्नपत्र का डेटा पेनड्राइव के जरिए इंद्रावती भवन स्थित भू-अभिलेख कार्यालय के कंप्यूटर में पहुंचाया गया। यहां प्रश्नपत्र के चार सेट ए, बी, सी और डी तैयार किए गए थे।
ईओडब्ल्यू की जांच के मुताबिक, आरआई गौरीशंकर राम और धर्मजीत मिंज ने 18 पटवारियों से 26 लाख 50 हजार रुपए, तरह अभिषेक सिंह और धर्मदेव लकड़ा ने करीब 15 अभ्यर्थियों से 20 लाख रुपए इकट्ठा किए। इसमें से 16 लाख 50 हजार रुपए वीरेंद्र और नरेश मौर्य के जरिए 18 लाख 50 हजार, अनिल साहू से 11 लाख, संदीप पांडेय से 10 लाख और हेमंत कौशिक के जरिए 8 लाख रुपए जुटाए वहीं अन्य लोगों के जरिए भी रकम एकत्रित की गई। उक्त रकम मुख्य आरोपी वीरेंद्र जाटव तक पहुंचाई गई।
ईओडब्ल्यू को परीक्षा की ओएमआर शीट की जांच के दौरान पता चला कि अधिकांश अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के जवाब एक जैसे थे। इसमें सही जवाब के साथ ही गलत जवाब में समानता थी। जांच के अनुसार, सत्तू सिंह मन्नाड़े और मनोज मन्नाड़े ने सेट-सी का प्रश्नपत्र हल किया था। दोनों के 50 में से 42 जवाब एक जैसे मिले। इसमें 36 सही जवाब समान और दोनों ने 6 सवालों के गलत जवाब भी एक जैसा दिया था। इसके अलावा अन्य परीक्षार्थियों की ओएमआर शीट में भी 70 से 85 फीसदी तक जवाब समान पाए गए।
ईओडब्ल्यू लेनदेन और ओएमआर शीट के साथ ही आरोपियों एवं संबंधित लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर लोकेशन, डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। उक्त साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परीक्षा से पहले कौन किसके संपर्क में था।