
सौरभ चंद्राकर (Photo Source- Patrika Create)
रायपुर@राकेश टेम्भुरकर। Mahadev Satta Network: महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में रकम के लेन-देन का कथित तौर पर एक संगठित पांच स्तरीय सिस्टम काम कर रहा था। सट्टे में दांव लगाने वाले खिलाड़ियों से शुरू होकर रकम पैनल ऑपरेटर, स्थानीय संचालकों और मुख्य खिलाड़ियों की अलग-अलग कड़ियों से होते हुए हवाला नेटवर्क के जरिए प्रमोटर सौरभ चंद्राकर तक पहुंचाई जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों को कमीशन दिए जाने की व्यवस्था थी। पूछताछ के दौरान सौरभ ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को बताया कि कारोबार की जिम्मेदारी रवि संभालता था। सौरभ के इस बयान से नेटवर्क के संचालन और रकम के बंटवारे को लेकर कई अहम पहलू सामने आए हैं।
जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क में पैसों का लेन-देन सीधे प्रमोटर तक नहीं होता था। इसके लिए पांच स्तरों वाली व्यवस्था बनाई गई थी। सबसे निचले स्तर पर ऑनलाइन पैनल के जरिए खिलाड़ियों से दांव की रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद पैनल ऑपरेटर रकम का हिसाब संबंधित संचालकों तक पहुंचाते थे। अगली कड़ी में बड़े खिलाड़ी और नेटवर्क के मुख्य संचालक लेन-देन का हिसाब रखते थे।
इस नेटवर्क की एक अहम बात कमीशन का कथित सिस्टम था। नेटवर्क से जुड़े लोगों को उनकी भूमिका के अनुसार 30 फीसदी तक कमीशन मिलता था। पैनल ऑपरेटर से लेकर कारोबार को आगे बढ़ाने वाले लोगों तक कमीशन का हिस्सा पहुंचता था। इस तरह सट्टे के कारोबार में शामिल प्रत्येक स्तर के व्यक्ति का आर्थिक हित जुड़ा हुआ था। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि कमीशन किस आधार पर तय होता था और इसका भुगतान नकद, बैंक खातों या अन्य माध्यमों से किया जाता था।
ईडी की पूछताछ में सौरभ ने बताया कि सट्टे का पूरा कारोबार रवि उप्पल संभालता था। उसके मुताबिक, कारोबार के संचालन और नेटवर्क की जिम्मेदारियां रवि के पास थीं। इस बयान के बाद रवि को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण किया जा रहा है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रवि किन लोगों के संपर्क में था, पैनल ऑपरेटरों से उसका किस तरह का समन्वय था और रकम को आगे भेजने की व्यवस्था कौन संभालता था।
महादेव सट्टा नेटवर्क में हवाला की भूमिका भी जांच का अहम हिस्सा है। आरोप है कि विभिन्न स्तरों पर जमा होने वाली रकम को हवाला के जरिए प्रमोटरों तक पहुंचाया जाता था। इस प्रक्रिया में रकम भेजने और प्राप्त करने वाले लोगों की अलग-अलग भूमिका थी। ईडी इस पूरे वित्तीय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के साथ सट्टे से अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां और किस रूप में किया इसकी जांच करने में जुटी हुई है।
सौरभ के बयान के बाद जांच का दायरा पैनल ऑपरेटरों से लेकर मुख्य संचालकों और हवाला नेटवर्क तक फैल सकता है। एजेंसी पांच स्तरों पर काम करने वाले इस नेटवर्क में सभी की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही कथित 30 फीसदी कमीशनखोरी को खंगाला जा रहा है। इसके लिए बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन, वित्तीय दस्तावेजों और संबंधित लोगों के बयानों के साथ ही निवेश की जानकारी जुटा रही है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
18 Nov 2026, 10:26 AM IST
Published on:
18 Nov 2026, 10:26 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




