हर दिन हो रही चोरी की घटनाओं से भड़के लोग, पुलिस पर ऐसे उतारा गुस्सा

नया रायपुर में सेक्टर-17 स्थित सामान्य प्रशासन विभाग के क्लर्क के घर से चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2017, 12:25 PM IST
Feature image

रायपुर . नया रायपुर में सेक्टर-17 स्थित सामान्य प्रशासन विभाग के क्लर्क के घर से चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। सुरक्षा में कमी के कारण हुए इस वारदात से गुस्साए कॉलोनी के बाशिंदों ने नया रायपुर विकास प्राधिकरण का दफ्तर घेरने की कोशिश की। पुलिस ने रास्ते में रोककर लोगों को समझाया तब वे वापस लौटे।

शुक्रवार की रात चोरों ने जीएडी कर्मी के घर से ढाई लाख रुपए के जेवर चुरा लिए। इसके अलावा नया रायपुर से लगे चंदखुरी में एक दुकान से चोरों ने लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिया। यही नहीं, चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी चुरा लिया।

पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। नया रायपुर के सेक्टर-17 में सामान्य प्रशासन विभाग के क्लर्क रोशन कुमार यदु के घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने रोशन के घर के लॉकर में रखे ढाई लाख के जेवर को पार कर दिया। यह घटना शुक्रवार को तब हुई जब पूरा परिवार बाहर गया हुआ था। जब वे लौटे तो घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था।

नहीं होती पुलिस की गश्त

कॉलोनीवासियों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने एनआरडीए को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। एनआरडीए के कार्यालय पहुंचकर लोगों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में तकरीबन ५ हजार लोग रह रहे है लेकिन यहां पुलिस गश्त नहीं होती है। इसके कारण लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं।

एनआरडीए ने भी नहीं रखा सुरक्षाकर्मी
भड़के हुए लोगों ने एनआरडीए के अफसरों से पूछा कि सैकड़ों कर्मचारी यहां अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। आखिर किसके भरोसे उनका परिवार सुरक्षित है। विभाग ने यहां पर एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं रखा है।

चंदखुरी में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी
प्रार्थी गिरीश पिता कृष्णा 35 वर्ष निवासी चंदखुरी फार्म ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी देवांगन फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। रोज की तरह वह बीती रात अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। सुबह जब वह उठा तो उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर दुकान से 5 नग एलसीडी टीवी, 10 मोबाइल फोन तथा दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर आदि पार हो चुका था। चोरी गए सामानों की कीमत करीब 1 लाख रुपए के आस-पास बताई जा रही है।

Published on: