5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल असर, कहीं बारिश तो कहीं बढ़ेगी ठंड, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

Cyclone Murasu: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु का असर खत्म होने के साथ मौसम बदलने वाला है। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं, जबकि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 5 Nov 2026, 9:26 AM IST

Chhattisgarh Weather

बारिश (Photo Patrika)

Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चक्रवाती तूफान मुरासु के असर से गुरुवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटे में आसमान साफ होने के साथ न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में रातें ठंडी होने लगेंगी और हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मुरासु का असर कमजोर, किसानों को राहत

चक्रवाती तूफान मुरासु का असर 5 नवंबर तक ही रहने की संभावना है। तूफान अपेक्षाकृत कमजोर रहने के कारण प्रदेश में व्यापक बारिश नहीं हुई। इससे फसल कटाई का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। मौसम का असर साइक्लोन अर्नब जैसा व्यापक नहीं रहा। हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

पखांजूर में 8 सेमी, सुकमा में 7 सेमी, कोंटा में 5 सेमी और माना में 4 सेमी बारिश हुई। वहीं, लोहंडीगुड़ा, रायपुर, गादीरास और पिथौरा में 2-2 सेमी पानी बरसा। लाभांडी, छिंदगढ़, जगरगुंडा और मोहला में एक-एक सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

प्रदेश में तापमान की बात करें तो रायपुर 30.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। हालांकि, यह सामान्य से करीब ढाई डिग्री अधिक है। मौसम खुलने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

आउटर इलाकों में शहर से ज्यादा रहेगी ठंड

राजधानी रायपुर में भी तापमान में गिरावट के साथ रातें ठंडी होने लगेंगी। शहर के आउटर इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। पिछले सप्ताह अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं, रायपुर के लाभांडी इलाके में न्यूनतम तापमान मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर की तुलना में 2 से 3 डिग्री कम रहता है।

इसके पीछे आसपास खेत और हरियाली होना एक वजह है, जबकि मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के आसपास कंक्रीट की इमारतें अधिक हैं। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।