
रायपुर/कवर्धा. पेट्रोल पंप के मीटर को देखते ही मुंह से आह निकल रही है। क्योंकि पेट्रोलियम के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। इससे आम लोगों की परेशानी भी बढऩे लगी है। इसका सीधा असर घर की रोजमर्रा की सामग्रियों की कटौती में होने लगा है। जो एक लीटर पेट्रोल एक अगस्त को 77.40 रुपए में मिला, वह 20 सितंबर को 83.22 रुपए हो गया। डेढ़ माह में ही 5.82 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है।
इसी तरह डीजल के भाव में इस दौरान 6.5 रुपए का इजाफा हो चुका है। वहीं सिलेण्डर के सब्सिडी दाम पर हर माह बढ़ोतरी हो रही है। अगस्त में 881 रुपए तो सितंबर में यह 912 रुपए हो गया। इस तरह से एक से डेढ़ माह में ही प्रत्येक व्यक्ति की जेब पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 43.32 रुपए का अतिरिक्त भार बढ़ गया। मतलब हर माह लगभग इतनी ही राशि लोगों की जेब से बेवजह ही कट रही है। रोजाना ही पेट्रोल के दाम में कुछ पैसों की बढ़ोतरी हो रही है। भले ही बढ़ोतरी कुछ पैसों की हो, लेकिन इसका असर मध्यम वर्गीय परिवार पर जरूर पड़ रहा है।
सिलेण्डर रिफलिंग में परेशानी हो रही
14.2 किलोग्राम का सिलेण्डर जुलाई में 845 रुपए में मिला, जो अगस्त में 881 रुपए हो गया। वहीं सितंबर में बढ़कर सीधे 912 रुपए पहुंच गया। हालांकि इसमें सब्सिडी राशि काटकर सिलेण्डर आज भी 491.5 रुपए में ही मिलता है जो पिछले वर्ष मिला, लेकिन रिफलिंग के लिए पूर्ण राशि तत्काल देनी पड़ती है। वहीं कॉमर्शियल सिलेण्डर के दाम में तो सब्सिडी है नहीं, जबकि दाम हर माह बढ़ते जा रहे हैं। इससे लोगों अधिक परेशान हो चुके हैं। इनके कारण अन्य चीजों दाम भी बड़ रहे है।
रायपुर शहर में आज का दाम
पेट्रोल - 82.66
डीजल - 79.41
पेट्रोलियम जुलाई
पेट्रोल 77.23
डीजल 73.72
सिलेण्डर घरेलू 845
सिलेण्डर कॉमर्सियल 1489.5
पेट्रोलियम सितंबर
पेट्रोल 83.22
डीजल 80.38
सिलेण्डर घरेलू 912
सिलेण्डर कॉमर्सियल 1581.5