रायपुर

अफवाहों से दूर रहें.. पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में कोई संकट नहीं, डीलर्स एसोसिएशन ने दिलाया भरोसा

Petrol Diesel: दो देशों के बीच जारी युद्ध के चलते ये आशंका बढ़ गई है कि देश में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इस बीच पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने इन बातों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है..

less than 1 minute read
Mar 02, 2026
रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने दिलाया भरोसा ( Photo - Patrika )

Petrol Diesel: अमरीका और ईरान युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आशंकाओं के बीच राजधानी में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। देश की रिफाइनरियों में करीब दो महीने का पर्याप्त स्टॉक है। छत्तीसगढ़ के लगभग 1300 पेट्रोल पंपों और राजधानी के 100 से अधिक पंपों पर नियमित आपूर्ति हो रही है।

Petrol Diesel: रायपुर में कमी की स्थिति नहीं..

रायपुर शहर में प्रतिदिन लगभग 30 हजार लीटर पेट्रोल और 5 लाख लीटर से अधिक औसत डीजल की बिक्री के बावजूद किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। पदाधिकारियों ने कहा कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध का तत्काल प्रभाव पेट्रोलियम सप्लाई पर पड़ने की आशंका नहीं है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

होली के दिन खुले रहेंगे पेट्रोल-पंप

होली के दिन राजधानी के पेट्रोल-पंपों में सप्लाई बरकरार रहेगी। शहर के भीतर कुछ पेट्रोल-पंपों में होली के दिन असर देखा जा सकता है। बाकी 90 प्रतिशत पंपों में त्यौहार के दिन भी पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री जारी रहेगी।

स्टॉक पर्याप्त, अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें

रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के सचिव अभय भंसाली ने बताया कि सप्लाई में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। राजधानी व प्रदेश के पेट्रोल-पंपों में पर्याप्त स्टॉक है। दरअसल खाड़ी देशों से पेट्रोलियम पदार्थ का स्टॉक देश के चार-पांच बड़े रिफाइनरी में पहले से मौजूद होता है। इसलिए आने वाले कई दिनों के लिए स्टॉक में कोई कमी नहीं आएगी। कीमतों में किसी प्रकार के फेरबदल को लेकर जानकारी अभी नहीं मिली है।

Published on:
02 Mar 2026 12:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर