Petrol Diesel Price Increased: अमेरिका-ईरान-इजराइल के बीच जारी युद्ध के चलते अब इसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ रहा है। तेल की किल्लत के बीच महंगाई का झटका लगा है..
Petrol Diesel Price Increased: खाड़ी देशों में जारी युद्ध और अमेरिका-ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव की आग अब सीधे आम आदमी की जेब तक पहुंच गई है। हजारों किलोमीटर दूर चल रहे इस वैश्विक संकट का असर प्रदेश के बाजारों में स्पष्ट दिखने लगा है। कई महीनों की राहत के बाद राजधानी सहित प्रदेश भर में सामान्य पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गई हैं।
1 अप्रैल 2026 से तेल कंपनियों (आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल) ने पेट्रोल की कीमतों में 1.01 से 1.26 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। वहीं एचपी 99.33 रुपए से अब 100.43 रुपए हो गया है। रायपुर में इंडियन ऑयल का सामान्य पेट्रोल अब 100.45 रुपए और प्रीमियम (एक्सपी-95) पेट्रोल 109.29 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। सबसे बड़ा झटका ऑटो एलपीजी उपभोक्ताओं को लगा है। महज एक महीने के भीतर इसकी कीमतों में 25.28 रुपए प्रति लीटर की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। 1 मार्च को जो दरें 60.04 रुपए थीं, वे अब बढ़कर 85.32 रुपए प्रति लीटर हो गई हैं। हालांकि, डीजल की कीमतें फिलहाल 93.39 रुपए पर स्थिर बनी हुई हैं।
वैश्विक अनिश्चितता के कारण निवेश के सुरक्षित विकल्प माने जाने वाले सोने और चांदी के बाजार में जबरदस्त हलचल है। पिछले चार दिनों के भीतर सोने की कीमतों में 4,600 रुपए की गिरावट देखी गई, जबकि चांदी में 10,000 रुपए प्रति किलो का उछाल आया है। 30 मार्च को जो सोना 1.55 लाख के करीब था, वह 2 अप्रैल को 1.51 लाख के स्तर पर आ गया।
रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन सचिव, अजय भंसाली ने कहा कि सामान्य पेट्रोल की कीमतें प्रति लीटर 1.01 रुपए से 1.08 रुपए लीटर महंगी हो चुकी है, वहीं ऑटो एलपीजी की कीमतों में एक महीने के भीतर 25.28 रुपए लीटर दाम बढ़ाए गए हैं। प्रीमियम पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ईंधन को लेकर मची खलबली के बीच रायपुर में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग की स्थिति बन गई है। हालांकि गैस एजेंसियों का कहना है कि सिलेंडर की सप्लाई में किसी तरह की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
सीजी इंडेन एलपीजी वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने बताया कि राजधानी में सभी गैस एजेंसियों की क्षमता और कोटा उनके लाइसेंस के अनुसार तय होता है। सप्लाई सामान्य है, लेकिन पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात की खबरों के बाद अफवाह फैल गई कि सिलेंडर की कमी हो जाएगी। इसी वजह से लोगों ने पैनिक बुकिंग शुरू कर दी और हालात यह हो गए कि औसत मांग की तुलना में बुकिंग दो गुना तक बढ़ गई।