Chhattisgarh News: प्रधानमंत्री ने पूरे देशवासियों को बहुत महत्वपूर्ण और उचित सलाह दी है। ऐसे समय में हमें डीजल-पेट्रोल की खपत सोच-समझकर और यथासंभव कम करनी चाहिए।
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से ईंधन की बचत करने, सोना नहीं खरीदने जैसी महत्वपूर्ण अपील की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने अच्छी सलाह दी है। विदेश में हमारे देश का पैसा ना जाए, इसकी कोशिश हमें करनी चाहिए। सोना कम खरीदें और पेट्रोल-डीजल का भी कम उपयोग करें।
सीएम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जो युद्ध की स्थिति बनी हुई है, उसका प्रभाव संपूर्ण विश्व पर पड़ रहा है और उससे हमारा देश भी अछूता नहीं रहेगा। इसलिए प्रधानमंत्री ने पूरे देशवासियों को बहुत महत्वपूर्ण और उचित सलाह दी है। ऐसे समय में हमें डीजल-पेट्रोल की खपत सोच-समझकर और यथासंभव कम करनी चाहिए।
वहीं, राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा, इसमें कोई नाकामी नहीं है, बल्कि यह देशहित में उठाया गया एक जिम्मेदार कदम है। यदि कांग्रेस को इस पर आपत्ति है, तो उसे भी बताना चाहिए कि ऐसी वैश्विक परिस्थितियों में देशहित में क्या उपाय किए जाने चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश दीपक बैज ने पीएम के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री स्थितियों के सामने सरेंडर कर रहे है तथा अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे है। प्रधानमंत्री अपनी विफलता को देशभक्ति से जोड़कर जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। यदि देश में पेट्रोलियम, डीजल का संकट है तो उसके पीछे मोदी सरकार की विफल नीतियां है। मोदी की अपील के बाद भाजपाई, मंत्री, विधायक, पदाधिकारी, साइकिल से चले और डीजल-पेट्रोल बचाएं। प्रधानमंत्री की सलाह पर अमल पहले उनके दल के लोगों को करना चाहिए, उसके बाद आम जनता से अपेक्षा करें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार की शाम गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। वह मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री की कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। सुबह 10.30 से होने वाले इस कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 12 मई को ही दोपहर करीब 2 बजे रायपुर लौटेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए। उन्होंने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना देखी और उनका संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि 75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हुआ था, जिसे देशभर में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।