
PM Narendra Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। छत्तीसगढ़ में भी 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाने की तैयारी की है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी संभागीय, जिला और विकासखंड मुख्यालयों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर क्षेत्र पर भी विशेष फोकस रहेगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार बस्तर के गांव-गांव में आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लोगों को अभियान से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान के माध्यम से सेवा, विकास और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अभियान के दौरान स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें बच्चे पेंटिंग और चित्रों के माध्यम से सेवा तथा विकास से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही स्कूलों और पंचायतों में ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों और बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत फल वितरण समेत विभिन्न सामाजिक गतिविधियां की जाएंगी। वहीं ‘कहानी बदलाव के बीच’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान लिए गए विभिन्न बड़े फैसलों और बदलावों को लोगों तक कहानी के माध्यम से पहुंचाने की योजना है। इसमें अनुच्छेद 370 हटाने जैसे विषयों को भी शामिल किया जाएगा।
अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोगों को सामाजिक सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा के रंग’ के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें कलाकारों के साथ विभिन्न संस्थानों और कार्यालयों की भागीदारी भी रहेगी। सेवा की थीम पर रंगोली बनाकर अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों में मशाल लाई जाएगी और निर्धारित स्थान पर स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के जिला मुख्यालयों को एक साथ संबोधित करेंगे।
भाजपा की ओर से ‘जनसेवा का महाकुंभ’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें पंच से लेकर सांसद तक विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय स्तर पर एकत्रित होने की योजना है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से भी पार्टी और जनप्रतिनिधियों की पूरी टीम शामिल होगी। सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सेवा और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है।