रायपुर

PM मोदी ने किया उद्घाटन, लेकिन बालोद स्टेशन पर अब भी अधूरी सुविधाएं, ट्रैक पार कर जान जोखिम में डाल रहे यात्री

Balod Railway Station: बालोद रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल उद्घाटन कर दिया, लेकिन स्टेशन पर अब भी बुनियादी सुविधाएं अधूरी हैं।
2 min read
Jul 20, 2026
Chhattisgarh News
जान जोखिम में डाल रहे यात्री (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@हिमांशु शर्मा। Amrit Bharat Station Scheme: एक तरफ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 15 स्टेशन पुनर्विकसित हो रहे है। वहीं दूसरी तरफ अधूरी व्यवस्था से यात्रियों में काफी नाराजगी है। क्योंकि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के बालोद स्टेशन का कार्य पूरा हो गया है।

रेलवे ने 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बालोद समेत 75 स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन भी करा लिया। लेकिन हकीकत यह है कि अबतक बालोद स्टेशन में दूसरा प्लेटफॉर्म (दो नंबर) ही नहीं है। यदि दो ट्रेन साथ में स्टेशन आ जाएं तो, एक ट्रेन को दूसरे ट्रेक में रोकना पड़ता है। यात्री फिर ट्रेक पार करके एक नंबर प्लेटफॉर्म में पहुंचते हैं।

रेलवे यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा

हर दिन कई यात्री बालोद स्टेशन में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ट्रैक पार करके बच्चे, बुजुर्ग-महिला सभी खतरा का सामना कर रहे हैं। अब ये इनकी मजबूरी बन गई है, क्योंकि स्टेशन में दूसरा प्लेटफॉर्म ही नहीं है। हाल ही में तोड़ोकी-रायपुर डेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म के बजाए दूसरे ट्रेन पर खड़ा कर दिया गया। इसके कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म से रेल पटरी पार करके दूसरे ट्रेक में पहुंचकर ट्रेन चढ़ना पड़ा। इस दौरान यदि कोई अन्य ट्रेन आ जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

बालोद स्टेशन का उद्घाटन तो हो गया, लेकिन जब तक दूसरा प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं बनतीं, तब तक यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल बने रहेंगे। रेलवे ने फेज-2 में इन सुविधाओं के निर्माण का भरोसा दिया है, लेकिन तब तक यात्रियों को रोजाना जोखिम उठाने की मजबूरी झेलनी पड़ेगी।

18 कोच की गाड़ी खड़ी करने बढ़ेगा लेंथ

स्टेशन में प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जा रही है। इसके लिए कार्य शुरु हो गया है। वर्तमान में इसमें 8-12 कोच की ट्रेन खड़ी हो पा रही है। इसके कारण इंजन प्लेटफॉर्म के आगे निकल जा रहा है। अब 18 -20 कोच की गाड़ी खड़ी हो सके, उसके अनुसार प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उसमें दो नंबर प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज बनाने का नहीं था। पर वहां दोनों बनाया जाएगा, फेज-2 में यह दोनों कार्य सेक्शन है। जल्द ही यात्रियों को सुविधा मिलेगी। - अविनाश कुमार आनंद, एसीएम रायपुर रेल मंडल

Updated on:
20 Jul 2026 07:35 am
Published on:
20 Jul 2026 07:35 am