रायपुर

नक्सलवाद और विकास को लेकर तेज हुई राजनीतिक बहस, आमने-सामने आए CM साय और बघेल…

CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि बघेल अपनी नाकामी छिपाने के लिए लगातार झूठे बयान दे रहे हैं।

2 min read
Mar 31, 2026
नक्सलवाद और विकास को लेकर तेज हुई राजनीतिक बहस, आमने-सामने आए CM साय और बघेल...(photo-patrika)

CG News: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि बघेल अपनी नाकामी छिपाने के लिए लगातार झूठे बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ अपेक्षित प्रभावी कदम नहीं उठाए, जबकि वर्तमान सरकार इस दिशा में ठोस कार्रवाई कर रही है, जिससे स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।

CG News: “बघेल का बयान पूरी तरह असत्य”

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बघेल द्वारा दिया गया बयान पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के तुरंत बाद केंद्र और राज्य स्तर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई, जिसमें यह सामने आया कि देश के कुल नक्सलवाद का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में केंद्रित है।

“31 मार्च ऐतिहासिक दिन, नक्सलवाद खत्म होने की ओर”

साय ने 31 मार्च को राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दिया।

“विकास में सबसे बड़ी बाधा था नक्सलवाद”

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय से छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के संकल्प और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के चलते अब बस्तर क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ेगा, जो पिछले चार दशकों से पिछड़ा रहा।

बघेल का पलटवार: “शाह झूठ बोल रहे, बहस के लिए तैयार”

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शाह का यह दावा कि बघेल सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कोई मदद नहीं की, पूरी तरह गलत है।

“मंच तय करें, खुली बहस के लिए तैयार”

बघेल ने अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे जगह, समय और मंच तय कर लें, वह इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

सियासी टकराव के बीच नक्सलवाद पर चर्चा तेज

नक्सलवाद जैसे संवेदनशील मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच बढ़ती बयानबाजी से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। जहां एक ओर सरकार इसे बड़ी उपलब्धि बता रही है, वहीं विपक्ष इस दावे पर सवाल उठा रहा है। आने वाले समय में इस मुद्दे पर और राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Published on:
31 Mar 2026 03:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर