CG News: बोरे-बासी छत्तीसगढ़ की अस्मिता संस्कृति का प्रतीक है। यह हमारे किसानों, मजदूरों के सम्मान के साथ अपनी परंपरा पर अभिमान होगा। भाजपा किसान और छत्तीसगढ़ संस्कृति विरोधी है।
CG News: रायपुर छत्तीसगढ़ में मजदूर दिवस पर बोरे-बासी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने श्रमिकों के सम्मान में 1 मई को कांग्रेसियों से बोरे-बासी खाने का आह्वान किया है। इसे लेकर मंत्री केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कांग्रेस शासनकाल में बोरे-बासी को लेकर हुए 8 करोड़ रुपए का घोटाला याद दिलाया है। बता दें कि कांग्रेस शासन काल में 1 मई को बोरे-बासी खाने के लिए बड़ा कार्यक्रम हुआ था। इसकी शुरुआत में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने भी बोरे-बासी खाकर अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की थी।
बैज ने कहा कि बोरे-बासी छत्तीसगढ़ की अस्मिता संस्कृति का प्रतीक है। यह हमारे किसानों, मजदूरों के सम्मान के साथ अपनी परंपरा पर अभिमान होगा। भाजपा किसान और छत्तीसगढ़ संस्कृति विरोधी है। इसलिए वे बोरे-बासी का विरोध करते रहे हैं। पूंजीपति मित्रों के मुनाफे के लिए मोदी सरकार ने मजदूरों के रोजगार और सामाजिक सुरक्षा दोनों को खत्म करने का षड्यंत्र रचा है। केंद्रीय सदन में विपक्ष दल के सांसदों को बाहर करके एक ही दिन में बिना चर्चा के दर्जनों श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी संशोधन किए गए।
कारोबार सुगमता के नाम पर 27 मौजूदा कानून को समाप्त कर नए कानून में 75 प्रतिशत श्रमिकों को बाहर कर दिया गया। अब नई कंपनी में महिला रूम व बच्चों के देखभाल के लिए क्रेज बनाना भी अनिवार्य नहीं होगा न्यूनतम वेतन कानून, बोनस कानून, अनुबंध कानून, कर्मचारी क्षतिपूर्ति कानून, संविदा श्रमिक कानून, असंगठित मजदूर कानून, स्वास्थ्य एवं बीमा कानून आदि नहीं रहेंगे। काम के घंटे जो मोदी सरकार से पहले 8 घंटे थे, उसे बढक़र 12 घंटा किया गया, तमाम तरह की सुविधाएं और छिन लिया गया। मोदी सरकार ने मजदूरों का हक छीना है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस विलायती रीति-नीति को महत्व देती है तभी तो मजदूर दिवस के दिन कांग्रेस के नेताओं ने कांग्रेस शासनकाल में मजदूर दिवस के दिन बोरे-बासी खाने के नाम पर 8 करोड रुपए का घोटाला कर डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जन-धन की लूट के लिए कोई दिन नहीं छोड़ा। आपदा को अवसर में बदलने वाली कांग्रेस पार्टी को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक धरोहर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कोई सरोकार नहीं है, उन्हें तो केवल प्रदेश एवं देश की जनता को केवल लूटना और भ्रमित करना है।
छत्तीसगढ़ की परम्परा एवं धरोहर को बचाने व सजाने का काम भाजपा सरकार ने किया। डॉ. रमन ङ्क्षसह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को एवं छत्तीसगढ़ी परम्परा को आगे बढ़ाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। लेकिन जब जनता ने कांग्रेस को प्रदेश में सत्ता की बागडोर सौंपी तो कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ी परम्पराओं को ताक पर रखकर केवल लूट मचाने का काम किया।
बोरे-बासी खाने के लिए मजदूर दिवस पर 8 करोड़ रुपए का घोटाला कर डाला। प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ी परम्पराओं को फिर से महत्व मिला और मजदूरों को सम्मान मिला। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार की धारा प्रवाहित करने वाली छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने वाली कांग्रेस बोरे-बासी खाने के नाम पर केवल ढोंग कर रही है।