
CG Opium Farming: @राहुल जैन। अफीम की खेती को लेकर राज्य में सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे सरकार के नए स्टार्टअप की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा, किसानों की आय दोगुनी आय नहीं, बल्कि सौ गुनी करने की रणनीति निकाली है। उन्होंने कहा, प्रदेश में अफीम की खेती हो रही है, वो भी भाजपा से जुड़े लोग कर रहे हैं। प्रदेश के लोगों ने पहले अफीम-डोडा को नहीं देखा था।
अब नगरी, सिहावा तरफ भी अफीम की खेती की जानकारी मिली है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, प्रदेश में होने वाले सभी अपराधों के खिलाफ हमारी सरकार ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। सभी जिलों में मामलों की जांच के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जनता ने बड़ा जनादेश दिया था, लेकिन उन्होंने उस विश्वास के साथ घोर विश्वासघात करते हुए प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया और जमकर भ्रष्टाचार किया। इसी कारण आज कांग्रेस के नेताओं को किसी भी विषय पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।