
Chhattisgarh AI Mission: प्रदेश में खुलेंगे डेटा लैब (photo source- AI Image)
@राहुल जैन/Chhattisgarh AI Mission: प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ एआई मिशन लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके लागू होते ही प्रदेश में एआई आधारित डेटा लैब खुलने की राह आसान होगी। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ में बड़े आईटी राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर सके। सरकार का मानना है कि एआई केवल तकनीक तक सीमित न रहे, बल्कि विकास का नया इंजन भी बनें।
एआई केवल सरकारी फाइलों या प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम नागरिकों, छात्रों, उद्यमियों, स्टार्टअप और सरकारी सरकारी विभागों के कामकाज का हिस्सा बनेगा। सरकार ने अपने विजन में स्पष्ट कहा है कि वह एक नवाचार-प्रधान और एआई-सक्षम छत्तीसगढ़ का निर्माण करना चाहती है। छत्तीसगढ़ एआई मिशन को सरकार मिशन @2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए बड़े हथियार के तौर पर इस्तेमाल करेगी।
राज्य में नवाचार, सुशासन, आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति को गति देना। इसके लिए सरकार आम नागरिकों, सरकारी विभागों, व्यवसायों, एमएसएमई, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों को सुरक्षित, विश्वसनीय और उत्तरदायी एआई क्षमताओं से सशक्त बनाने की योजना पर काम कर रही है। यह केवल एक तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि उस भविष्य की रूपरेखा है, जिसमें सरकारी सेवाएं अधिक स्मार्ट होंगी, निर्णय अधिक डेटा-आधारित होंगे और स्थानीय युवाओं को नई अर्थव्यवस्था में अवसर मिलेंगे।
राज्य के हजारों युवा आज बेहतर तकनीकी अवसरों की तलाश में बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे शहरों की ओर रुख करते हैं। एआई मिशन इस प्रवृत्ति को बदलने की कोशिश करता दिखाई देता है। यदि एआई डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और प्रशिक्षण कार्यक्रम योजनानुसार विकसित होते हैं, तो छात्रों को अत्याधुनिक तकनीक सीखने के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है। स्थानीय स्तर पर शोध, नवाचार और उद्योग से जुड़ने के अवसर बढ़ेंगे। प्रतिभाओं का पलायन रोकने में मदद मिलेगी।
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एआई को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। छत्तीसगढ़ एआई मिशन के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप एवं शासकीय अधिकारियों के लिए एआई आधारित कौशन विकास एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा- अंकित आनंद, सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग
Updated on:
26 Jul 2026 06:49 am
Published on:
26 Jul 2026 06:48 am
