
CG Conversion: राजधानी की स्लम बस्तियां धर्मांतरण का बड़ा अड्डा बन चुकी हैं। यहां रहने वाले गरीब मजदूर और कम पढ़े-लिखे लोग टारगेट में हैं। बच्चों को कभी पैसा तो कभी गिफ्ट देने का लालच दिया जा रहा है। बुजुर्गों को बीमारी ठीक करने का झांसा दिया जा रहा है। यह सब सुनियोजित ढंग से चल रहा है, लेकिन इसकी भनक पुलिस को भी नहीं लग पा रही है। धार्मिक गतिविधियों के नाम पर कई लोग बस्तियों और कॉलोनियों में घूम रहे हैं। रायपुर में धर्मांतरण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वर्ष 2021 से जून 2025 तक रायपुर सहित अलग-अलग जिलों में धर्मांतरण के 45 मामले दर्ज हो चुके हैं और 102 शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
कुकुरबेड़ा के बंगाली कॉलोनी में कई साल से धर्मांतरण का खेल चल रहा था। रविवार को भी सुबह 9 बजे करीब 150 महिला-पुरुष संजू बाघ उर्फ संजू सेनापति के मकान में जुटे थे। पास्टर वशिष्ठ भारती प्रार्थना सभा करवा रहे थे। यह हर रविवार को चलता था। इसमें आसपास के इलाके लोग बड़ी संख्या में आते थे। उनमें हिंदू देवी-देवताओं के बारे में दुष्प्रचार किया जाता था।
कुकुरबेड़ा में रहने वाले अजय नेताम ने बताया कि उसके भतीजे ने हिंदू देवी-देवताओं को मानना छोड़ दिया है। भतीजे के बाद अब उनका पूरा परिवार ही देवी-देवताओं की पूजा-पाठ करना छोड़ दिया और दूसरा धर्म अपना लिया है। केवल वह हिंदू बचा है। एक ही घर में दो धर्म हो गए हैं। अजय की ही तरह कई परिवार हैं, जिनके घर में कुछ सदस्य हिंदू हैं, तो कुछ ने दूसरा धर्म अपना लिया है।
पुलिस के मुताबिक कुकुरबेड़ा निवासी संजू बाघ के घर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन होने की सूचना पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। कार्यकर्ता ने घर के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।
विरोध प्रदर्शन के चलते प्रार्थना सभा बंद करवा दिया गया। इसके बाद घर में मौजूद महिलाओं को पुलिस वहां से अपने साथ ले गई। मकान मालिक संजू और वशिष्ठ भारती को पकड़कर सरस्वती नगर थाने लाया गया। थाने में भी बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। थाना परिसर में ही धर्मांतरण के विरोध में जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान मसीही समाज का एक युवक थाने पहुंचा, तो कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उस समय थाना परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी मौजूद थे। मारपीट से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
2021-22 31
2022-23 11
2023-24 16
2024-25 44
धर्मांतरण की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस को ऐसी शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गरीब, बीमार लोगों को प्रलोभन देकर बरगलाया जा रहा है। उन्हें धर्मांतरण कराया जाता है। बच्चों और युवाओं को भी लालच देकर प्रार्थना सभा में बुलाते हैं। कुकुरबेड़ा में लंबे समय से धर्मांतरण का खेल चल रहा था। इसका विरोध किया जाएगा।
-बंटी कटरे, जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, रायपुर महानगर