
रायपुर@राकेश टेम्भुरकर। Pushya Nakshatra 2026: दिवाली के पहले इस बार पुष्प नक्षत्र में 1500 करोड से ज्यादा की धनवर्षा होगी। धनतेरस के पहले आए गुरु पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग से प्रदेश के व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी। कारोबारियों का कहना है कि इस साल अच्छा कारोबार होगा। इसका संकेत पिछले महीने से लगातार हो खरीदारी को देखते हुए उम्मीद है। राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के छोटे-बड़े शहरों तक बाजारों में उत्साह देखा जा रहा है। शनिवार को सुबह से देर रात तक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर वाहन, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और घरेलू सामान तक की जमकर पूछ-परख देखी गई।
कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, प्रदेश में एक ही दिन में 1500 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होगा। खास तौर पर इस बार पुष्य नक्षत्र पर सबसे ज्यादा चमक सराफा बाजार में देखने को मिल रही है। दिवाली के पहले आभूषण के साथ ही सोने-चांदी के सिक्कों को निवेश का बेहतर विकल्प साथ ही लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की डिमांड है।
बदलते दौर में खरीदारी का ट्रेंड भी तेजी से बदल रहा है। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में युवाओं की पसंद का खास असर दिखाई दिया। महंगे स्मार्टफोन, बड़ी स्क्रीन वाले एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन और होम थिएटर की डिमांड है। कारोबारियों का कहना है कि इस सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदी होगी। खास बात यह है कि ग्राहक केवल जरूरत का सामान ही नहीं, बल्कि दिवाली के मौके पर घर को आधुनिक बनाने के लिए भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदते हैं।
दिवाली और आगामी शादी सीजन ने कपड़ा कारोबार को भी बड़ा सहारा मिलेगा। रायपुर के पंडरी सहित प्रदेश के प्रमुख कपड़ा बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रही। रेडीमेड कपड़ों, साड़ियों, ड्रेस मटेरियल और त्योहारों के परिधानों की खूब बिक्री हो रही है। आसपास के राज्यों से भी व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचे। इस सेक्टर में करीब 100 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान लगाया गया।
पुष्य नक्षत्र पर वाहन खरीदना भी शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। पुष्प नक्षत्र को देखते हुए अभी से खरीदारों द्वारा वाहनों की बुकिंग कराई गई है। ताकि शुभ मुहूर्त में वाहन की डिलीवरी ले सके। इसे देखते हुए डीलरों ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 500 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है।
पुष्य नक्षत्र की खरीदारी ने दिवाली के कारोबार के लिए मजबूत शुरुआत कर दी है। इसमें बर्तन, फर्नीचर से लेकर अन्य घरेलू उपयोग के सामान शामिल है। इसके लिए पहले से खरीदारों के लिए बाजार सजकर तैयार हो गया है।
पुष्प नक्षण में प्राॅपर्टी की खरीदी करने पर विशेष ऑफर चलाए जा रहे है। सोना-चांदी, वाहन, फ्री रजिस्ट्री से लेकर, फ्री घरेलू सामान से लेकर अन्य सामान मिलेगें। बिल्डर का कहना है कि इस साल अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।