
Rada Auto Expo 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित राडा ऑटो एक्सपो में रविवार को जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। छुट्टी के दिन सुबह से ही लोग परिवार के साथ एक्सपो पहुंचे और अलग-अलग स्टॉल पर वाहनों की जानकारी लेते रहे।
एक्सपो के 13 दिनों में अब तक 25,200 से अधिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई है, जिससे इस आयोजन ने कारोबार में नया रिकॉर्ड बनाया है। बाइक और कारों के लेटेस्ट फीचर्स, आकर्षक ऑफर्स और रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट ने ग्राहकों को खासा आकर्षित किया। कई लोगों ने मौके पर ही वाहन बुक कराए। इस बार एक्सपो में 100 ब्रांड्स के 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें लक्जरी और इलेक्ट्रिक वाहनों की भी व्यापक रेंज उपलब्ध है।
रविवार को एक्सपो में लावणी नृत्य, फैशन शो और डांस प्रोग्राम ने माहौल को और जीवंत बना दिया। इसके अलावा टीवीएस थ्री-व्हीलर लोडर और सुजुकी ई-एक्सेस की लॉन्चिंग भी इसी दिन हुई। राडा ऑटो एक्सपो का समापन 5 फरवरी को होगा। रोड टैक्स में छूट का लाभ उठाने के लिए अब केवल चार दिन शेष हैं।