
Rahul Gandhi Chhattisgarh Visit: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत रविवार को अभनपुर में करीब 3 घंटे तक जिलाध्यक्षों से चर्चा की। उन्होंने साफ कहा कि जिलाध्यक्ष की हर रिपोर्ट सबसे महत्वपूर्ण होगी। जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में स्थानीय समस्याओं के हिसाब से आंदोलन की रणनीति बनाए। इसके लिए वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश का इंतजार किए बिना हर पीडि़त व्यक्ति के साथ खड़ रहे।
इस शिविर की खास बात यह भी रही है कि इसमें कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश सह प्रभारी सचिव व संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैदू के अलावा सिर्फ जिलाध्यक्ष ही शामिल हुए। हालांकि राहुल ने शिविर से पहले प्रदेश के 35 वरिष्ठ नेताओं से करीब 40 मिनट की चर्चा की।
प्रशिक्षण स्थल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर में आयोजित विभिन्न जनआंदोलनों, जनसरोकारों से जुड़े अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की फोटो प्रदर्शनी लगाई थी। पौधरोपण के बाद राहुल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने राहुल को प्रदेश में कांग्रेस संगठन की सक्रियता, मजबूती तथा जनहित के मुद्दों पर चलाए जा रहे संघर्षों एवं आंदोलनों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण शिविर से पहले राहुल ने वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर प्रदेश के मुद्दों की जानकारी ली। वरिष्ठ नेताओं ने खाद की कमी और पेड़ कटाई के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। राहुल ने प्रदेश के सभी मुद्दों पर लड़ाई तेज करने को कहा है। इस दौरान पीसीसी के कार्येों को भी सराहा गया, लेकिन आपसी तालमेल की बात भी उठी।
Rahul Gandhi in Raipur: राहुल गांधी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर होड़ लगी रही। पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ एयरपोर्ट पर राहुल का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन सृजन अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी। एयरपोर्ट पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने फूलों की बौछार से स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर अभनपुर जाने वाले मार्ग पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू के समर्थक जगह-जगह स्वागत के लिए खड़े नजर आए।
अभनपुर में संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर से पहले राहुल ने सौगान का पौधा लगाकर पर्यावरण का संदेश दिया है। दरसअल, जिस मंगल भवन में शिविर है, उनके मालिक ने अपनी शर्ताें में कहा था कि जब राहुल यहां आएंगे, तो परिसर में पौधरोपण भी करेंगे। पत्रिका से चर्चा करते हुए अमिताभ अग्रवाल ने बताया कि पौधरोपण के दौरान वे भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम के बाद वे बाहर आ गए।
प्रशिक्षण शिविर के बाद एयरपोर्ट वापस लौटे समय राहुल ने एक होटल में चाय पी। यहां उनके देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान एक परिवार भी वहीं मौजूद थे। उनके साथ एक छोटी बच्ची थी, जिसे देखकर राहुल भी खुद को रोक नहीं सकें और उसके साथ खेलते नजर आए।