रायपुर

Railway Freight: अब खाली लौटने वाली मालगाड़ियों में सामान भेजना होगा सस्ता, रेलवे देगा 20% तक की छूट

Indian Railway: रेलवे की नई योजना से खाली लौटने वाली मालगाड़ियों में सामान भेजना सस्ता होगा। पात्र माल पर माल भाड़े में 15 से 20% तक की छूट मिलेगी।
2 min read
Sep 05, 2026
Railway News
मालगाड़ियों में सामान भेजना होगा सस्ता (Photo Patrika Create)

Railway News: रेलवे ने माल ग्राहकों को बड़ी सौगात दी है। अब खाली मालगाड़ी में सामान ले जाने पर 15-20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इससे उत्पादों की लागत कम होगी और बाजारों तक माल जल्दी और सस्ते में पहुंच सकेगा। भारतीय रेलवे ने मालगाड़ियों की उपलब्ध क्षमता का अधिकतम उपयोग करने व माल परिवहन को अधिक किफायती और सुगम बनाने के उद्देश्य से परंपरागत खाली प्रवाह दिशा योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत उन दिशाओं में माल लदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जहां मालगाड़ियां माल उतारने के बाद सामान्यतः खाली लौटती हैं।

खाली लौटने वाली मालगाड़ियों की क्षमता का बेहतर उपयोग

इस पहल से खाली लौटने वाली मालगाड़ियों की क्षमता का बेहतर उपयोग होगा और ग्राहकों को रियायती माल भाड़े पर अपने उत्पादों को रेल के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। भारतीय रेलवे के कई मार्गों पर मालगाड़ियां एक दिशा में माल लेकर जाती हैं और माल उतारने के बाद दूसरी दिशा में खाली लौटती हैं। योजना का उद्देश्य ऐसी खाली वापसी यात्रा में उपलब्ध क्षमता का उपयोग माल ढुलाई के लिए करना है।

31 जुलाई 2027 तक मिलेगा योजना का लाभ

परंपरागत खाली प्रवाह दिशा में माल लदान के लिए माल भाड़ा छूट योजना जो कि पहले से लागू है के संशोधित प्रावधान 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक प्रभावी रहेंगे। अधिसूचित खाली प्रवाह दिशाओं में पात्र माल के लदान पर सामान्य माल भाड़े में 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। यह छूट निर्धारित पात्रता एवं अन्य शर्तों के अनुसार लागू होगी।

छूट का मिलेगा लाभ

योजना की विशेषता है कि निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाली पात्र माल खेप पर माल भाड़े में छूट रेलवे की व्यवस्था के माध्यम से लागू होगी। इसके लिए ग्राहक को प्रत्येक पात्र खेप के लिए अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। छूट केवल रेलवे की ओर से निर्धारित एवं अधिसूचित खाली प्रवाह दिशाओं में पात्र माल पर लागू होगी। संबंधित दिशा, माल की पात्रता, छूट की दर व अन्य शर्तें निर्धारित रेलवे प्रावधानों के अनुसार होंगी। इससे उद्योगों, व्यापारियों और अन्य माल ग्राहकों के लिए अपने उत्पादों को कम लागत में दूर-दराज के क्षेत्रों और नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

हर दिन 500 मालगाडि़यां दौड़ती हैं

जानकारी के अनुसार रायपुर मंडल से हर दिन 120 से अधिक मालगाड़ी का परिचालन होता है। वहीं, नागपुर और बिलासपुर मंडल (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे-जोन) की बात करें तो करीब 500 मालगाडि़यां प्रतिदिन चलती हैं। इससे लगातार माल ढुलाई हो रही है, व हर साल माल ढुलाई में कीर्तिमान हासिल कर रही हैं। इस बार भी जोन माल ढुलाई में पहले नंबर पर रही।

Updated on:
05 Sept 2026 10:44 am
Published on:
05 Sept 2026 10:44 am