
रायपुर@ हिमांशु शर्मा। Railway Holding Area: त्योहारी सीजन में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ अब रेलवे स्टेशनों पर अफरा-तफरी और भगदड़ का कारण नहीं बनेगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर हाईटेक होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। यहां बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के साथ खाने-पीने और टिकट संबंधी (मोबाइल यूटीएस) सुविधाओं को भी इन-हाउस रखा गया है। साथ ही मेडिकल की व्यवस्था भी है।
भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए रेलवे ने तकनीक का सहारा लिया है। तीनों स्टेशनों पर कुल 153 सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रायपुर में 55, दुर्ग 43 और भिलाई पावर हाउस में 55 सीसीटीवी कैमरे से नजर रख रहे है।
रायपुर स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यहां न्यूनतम दरों पर किफायती खाना 15 रुपए, 20 रु., 14 रु., रेल नीर एवं निशुल्क जल की व्यवस्था है। वहीं इस बार बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों सारनाथ एक्सप्रेस, गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर 7 से संचालित किया जा रहा है।
स्टेशन में भीडभाड़ देखते हुए शाम को रेलवे के आला अफसर स्टेशन में चेकिंग में पहुंचे। इस दौरान डीआरएम, सीनियर डीसीएम, एसीएम समेत अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सुविधा तक सभी चीजों का निरीक्षण किया।