
Diwali 2026: @ पीलूराम साहू।डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में दिवाली के 5 दिनों में पटाखों से झुलसने वाले 32 मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें आधे से ज्यादा 10 से 12 साल वाले बच्चे भी शामिल हैं। निजी बर्न व प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भी 50 से ज्यादा केस आए हैं। डीकेएस में भर्ती एक बच्चे पर रॉकेट फट गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया है। दिवाली में चले पटाखों के धुएं के कारण अस्थमा व सांस संबंधी बीमारी वाले मरीज भी बढ़े हैं। पटाखों से ज्यादातर बच्चे ही झुलसते हैं।
डीकेएस के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी में आए केस चौंकाने वाले हैं। केवल 5 दिनों में तीन दर्जन के करीब केस ने डॉक्टरों को भी चौंका दिया है। डॉक्टरों के अनुसार राकेट फटने से एक बच्चा बुरी तरह झुलस गया है। स्किन झुलसने से बच्चा दर्द से बेहाल है, जिसे दवा देकर ठीक किया जा रहा है। बाकी बच्चों के हाथ झुलसे हुए हैं। सभी को सघन निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है।
राजधानी समेत प्रदेश में दूषित हवा के कारण पिछले चार सालों में अस्थमा समेत सांस संबंधी बीमारी वाले मरीज 25 फीसदी तक बढ़ गए हैं। दूषित हवा सबसे ज्यादा फेफड़े को प्रभावित करता है, जो शरीर को ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव ठंड के सीजन में पड़ता है। डॉक्टरों के अनुसार सांस, पेट व दिल की बीमारी का तार सीधे आसपास के पर्यावरण से जुड़ा है। राजधानी में अक्टूबर से फरवरी के बीच शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स औसतन 150 से 200 के बीच रहता है। एम्स व आंबेडकर अस्पताल के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के अनुसार पिछले 4 साल में अस्थमा, ब्रोंकाइटिस व सीओपीडी के मरीजों की संख्या जबर्दस्त बढ़ी है।
डॉक्टरों के अनुसार ओपीडी में रोज 10 में से 4 मरीज ऐसे आते हैं, जिन्हें न स्माेकिंग की आदत है, न कोई पुरानी बीमारी, फिर भी उन्हें लगातार खांसी आ रही है और सीने में जकड़न की शिकायत है। इसका सबसे बड़ा कारण पीएम 2.5 और पीएम 10 है। कोरबा-रायगढ़ के इंडस्ट्रियल उत्सर्जन व रायपुर के निर्माण धूल से आता है। लंबे समय तक ऐसी हवा में रहने से बच्चों में निमोनिया व बुजुर्गों में फेफड़ों के कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है।
0 स्वच्छ वायु क्लीनिक- यहां सांस के मरीजों को दवा के साथ-साथ घर में एयर प्यूरीफाइंग पौधे व मॉस्क के उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
0 हर अस्पताल में ग्रीन प्रिस्क्रिप्शन- मरीज को दवा के पर्चे के साथ एक पौधा लगाने की सलाह व उबला हुआ पानी पीना अनिवार्य किया गया है।
0 स्कूलों में पर्यावरण स्वास्थ्य पाठ- बच्चों को बताया जा रहा है कि कचरा जलाने से उनकी खांसी कैसे बढ़ती है?
दिवाली पर 32 झुलसे हुए केस आए हैं, जिनमें ज्यादातर कम उम्र वाले बच्चे हैं। ज्यादा संख्या में केस आना चौंकाने वाला है। सभी को सघन निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है। बेहतर है कि बच्चों को अकेले पटाखे चलाने न दें। इससे बच्चों को झुलसने से बचाया जा सकता है।
डॉ. दक्षेश शाह, एचओडी प्लास्टिक सर्जरी, डीकेएस अस्पताल
……
शहर के ग्रीन कवर को 15 से 33 फीसदी तक ले जाएं व खुले में कचरा जलाना बंद कर दें, तो अगले 5 साल में सांस व एलर्जी के 30 फीसदी मरीज अपने आप कम हो जाएंगे। दिवाली के समय अस्थमा व सांस संबंधी बीमारी वाले मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, जिसका कारण धुआं है।
डॉ. आरके पंडा, एचओडी रेस्पिरेटरी मेडिसिन आंबेडकर अस्पताल