Raipur Smart City: शहर के ओवरब्रिजों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अब अपनी योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है।
Raipur Smart City: छत्तीसगढ़ के रायपुर के ओवरब्रिजों पर चलते हुए अगर आप थक जाएं तो उसके नीचे चल रहे खेलों का आनंद भी उठा सकते हैं। शहर के ओवरब्रिजों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अब अपनी योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसके तहत ओवरब्रिज के ऊपर शहर दौड़ेगा तो नीचे लोग मनोरंजक गेस खेल सकते हैं।
अब ब्रिज के नीचे दुकान नहीं बल्कि ऊपर ब्रिज नीचे मैदान के कान्सेप्ट पर काम किया जा रहा है। यहां दिन-रात खिलाड़ियों से लेकर आम व्यक्ति स्पोर्ट्स के लिए ब्रिज के नीचे बने बाक्स का उपयोग कर सकेंगे। यहां लोगों की बैठने की जगह, योगा सेंटर, मल्टीयूटिलिटी प्लान पर भी काम होगा।
पंडरी, तेलीबांधा व देवेंद्रनगर के बाद अब तेलघानी नाका ब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स हब के लिए निगम ने काम शुरू कर दिया है। हालांकि कई ओवरब्रिज के नीचे अवैध कब्जों की वजह से स्मार्ट सिटी की सूरत बिगड़ रही है। आमानाका के साथ ही टाटीबंध, हीरापुर आदि ओवरब्रिज के नीचे अवैध कब्जों को हटाने के लिए निगम की सुस्ती बरकरार है।
दो वर्ष पहले एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के नीचे निगम ने स्पोर्ट्स फैसलिटी विकसित किया था, लेकिन इसके बाद बाकी ओवरब्रिज के नीचे अवैध कब्जों की वजह से इसका बेहतर उपयोग नहीं हो पा रहा था। पत्रिका ने राजधानी के अलग-अलग लाईओवर के नीचे अवैध कब्जों को लेकर निगम का ध्यान आकर्षित कराया, वहीं यहां स्पोर्ट्स हब से लेकर लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को लेकर खबरें प्रकाशित की।
स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए ओवरब्रिज के पिलर्स का रंगरोगन किया जा रहा है। वहीं इसे सुरक्षित करने के लिए चारों ओर जाली लगाई जा रही है। निगम अधिकारियों के मुताबिक स्पोर्ट्स बाक्स के उपयोग को लेकर खेल संघों से भी चर्चा चल रही है। यह पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। समय-समय पर यहां स्पोर्ट्स कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इंडोर गेम के लिए यह सबसे ज्यादा उपयुक्त साबित होगा।
मेट्रो सिटी की तर्ज पर यहां भी ओवरब्रिज के नीचे सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता है। निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि कई ऐसे ओवरब्रिज हैं, जहां सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। लोगों की सुविधाओं के लिए न सिर्फ स्पोर्ट्स हब बल्कि योगा सेंटर, मेडिटेशन, बुजुर्गों के बैठने के लिए मल्टीयूटिलिटी हब आदि बनाए जाने की आवश्यकता है।
राजधानी के अलग-अलग लाईओवर के नीचे स्पोर्ट्स हब से लेकर लोगों की मल्टीयूटिलिटीज को लेकर प्लान बनाया जा रहा है। फेस वाइज अलग-अलग जोन में काम किया जाएगा। तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स हब के लिए काम शुरू किया गया है।