रायपुर. रेलवे दुर्ग और रायगढ़ के बीच जो समर स्पेशल ट्रेन चला रहा था, वह ट्रेन अभी एक महीने तक वैसी ही चलेगी। पहले इस गाड़ी को स्पेशल के रूप में केवल 21 जुलाई तक ही चलाया जाना था, जिसकी अवधि 21 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। दुर्ग-रायगढ़ स्पेशल ट्रेन इस दौरान केवल गुरुवार को छोड़कर प्रतिदिन चलेगी। रेलवे प्रशासन का मानना है कि दुर्ग-रायगढ़ के बीच सफर करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बनी हुई है। इसे देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। यह गाड़ी दुर्ग से 08797 नंम्बर से तथा रायगढ़ से 08798 नम्बर के साथ चलेगी। इस समर स्पेशल ट्रेन में 1 एसएलआर, 1 एसएलआरडी, 8 चेयरकार सहित कुल 10 कोच के साथ चलेगी।
दुर्ग लाइन पर चार घंटे का ब्लॉक
दुर्ग-गोंदिया-कलमना रेल खंड के दुर्ग-रसमड़ा के बीच चार घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा। पटरी का मरम्मत कार्य चलेगा। रेलवे के अनुसार 22 जुलाई को रात 8.40 बजे से मरम्मत कार्य शुरू होगा जो रात 12.40 बजे तक चलेगा।
कल ये ट्रेनें रद्द रहेंगी
22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ मेमू , 68729 रायपुर-डोंगरगढ़ लोकल, 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू तथा 23 जुलाई को 68724 गोंदिया-रायपुर लोकल तथा 68730 डोंगरगढ़-रायपुर लोकल रद्द रहेगी।
मांढर-उरकुरा के बीच टेकारी फाटक दो दिन बंद रहेगा
बिलासपुर-रायपुर रेलवे लाइन पर मांढर और उरकुरा स्टेशन के बीच टेकारी फाटक पर अप और मिडिल रेल लाइन का मरम्मत किया जाना है। इस कारण यह फाटक दो दिन के लिए बंद रहेगा। 21 जुलाई को सुबह 8 बजे से काम शुरू होगा, जो 23 जुलाई को शाम 6 बजे तक चलेगा।