ख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जब तक बोनस घोषित नहीं हुआ था तब तक विपक्ष का चेहरा खिला हुआ था, लेकिन बोनस की घोषणा होते ही उनका चेहरा फ्यूज बल्ब की
रायपुर. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जब तक बोनस घोषित नहीं हुआ था तब तक विपक्ष का चेहरा खिला हुआ था, लेकिन बोनस की घोषणा होते ही उनका चेहरा फ्यूज बल्ब की तरह हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, विपक्ष इस बात से परेशान है, किसानों को बोनस देने के बाद मुद्दा उनके हाथ से निकल जाएगा। विपक्ष इसी तकलीफ में है, अब क्या होगा। प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक दिन का सत्र बुलाने की जरूरत सिर्फ इसलिए पड़ी क्योंकि मामला किसानों से जुड़ा है। किसान इस निर्णय से खुश हैं। उन्होंने कहा, सबको पता है, कांग्रेस शासन में धान खरीदी की व्यवस्था कैसी थी। तब किसानों को १ रुपया भी बोनस नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा, हर हाल में किसानों को दीपावली के पहले बोनस का वितरण कर दिया जाएगा।
एक दिन का विशेष सत्र बुलाने की जरूरत क्यों आ पड़ी
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि एक महीने पहले मानसून सत्र मेंं बोनस की घोषणा न करके एक दिन का विशेष सत्र बुलाने की जरूरत क्यों आ पड़ी। आपके फैसले से किसान खुश हैं तो किन वजहों से प्रदेश भर में धारा 144 लगाई गई है। किसानों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उन्हें रोका जा रहा है। सिंहदेव ने कहा, आपको पता है कि किसान खुश नहीं हैं। यह किसी के आगे थाली परसकर निवाला निकाल लेने जैसा है। सरकार वास्तव में संवेदनशील है तो विनियोग प्रस्ताव में संशोधन कर 2014-15 के बोनस की भी घोषणा करे। विपक्ष समर्थन को तैयार है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, किसान आपसे बोनस और समर्थन मूल्य मांगने नहीं गए थे। आपने 2013 में इसका वादा किया। विधानसभा में इसे देने का दावा किया, लेकिन दिया नहीं।
पुनिया और भूपेश सहित 444 कांग्रेसी गिरफ्तार
धान का बोनस, समर्थन मूल्य सहित अन्य मुद्दों के साथ विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित 444 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी हुई। कांग्रेस का दावा है, उनके 4590 कार्यकर्ता गिरफ्तार हुए हैं।