रायपुर

लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों की भर्ती का रास्ता खुला: 9वीं से 12वीं कक्षा के स्कूलों में होगी नियुक्ति

- शिक्षक भर्ती परीक्षा के सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता खुला - शिक्षक भर्ती : 9वीं से 12वीं कक्षा के स्कूलों में होगी नियुक्ति
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Feb 2021, 10:26 AM IST
 teacher recruitment process stop
teacher recruitment process stop

रायपुर. लंबे इंतजार के बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा के सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता खुल गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र जारी कर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देश के मुताबिक वर्तमान में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में नियुक्ति होगी। क्योंकि इन स्कूलों में 15 फरवरी से पढ़ाई की शुरुआत हो गई है।

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि हर उम्मीदवार को अलग-अलग नियुक्ति पत्र जारी किया जाए। नियुक्ति पत्र में इस बात का भी जिक्र होगा की व्यापमं की प्रवीण्य सूची के आधार पर ही वरिष्ठता तय होगी। परिवीक्षा अवधि तथा उस दौरान देय वेतन के लिए वित्त विभाग के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। बता दें कि दो साल की परिवीक्षा अवधि को बढ़ाकर तीन साल कर दिया गया है।

गौरतलब है कि मार्च 2019 में 14580 पदों पर व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, व्यायाम शिक्षक व व प्रयोगशालाओं के सहायक शिक्षक की भर्ती के लिए व्यापमं ने विज्ञापन जारी किया था। परीक्षा मई में और नतीजे 22 नवंबर 2019 तक जारी किए गए थे। दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इस बीच कोरोना संक्रमण की वजह से मामला टल गया था। नियुक्ति को लेकर उम्मीदवारों ने सड़क की लड़ाई भी लड़ी थी। इसे लेकर विपक्ष भी लगातार सवाल उठाते रहा है।

Published on: