रायपुर

फीस को लेकर स्कूल ने रोका रिजल्ट, कहा-पहले पैसे जमा करो तब मिलेगी मार्कशीट

निजी स्कूलों में फीस को लेकर प्रबंधन की हठ ने एकबार फिर सैकड़ों पालकों को परेशान कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2018, 10:04 AM IST
school

रायपुर . निजी स्कूलों में फीस को लेकर प्रबंधन की हठ ने एकबार फिर सैकड़ों पालकों को परेशान कर दिया है। बुधवार को राजधानी के सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल में परीक्षार्थियों को फीस बकाया होने की वजह से रिजल्ट नहीं दिए गए। इतना ही नहीं सुबह-सुबह पहुंचे अभिभावकों व बच्चों को परिणाम तक नहीं बताए गए। इसे लेकर विद्यालय पहुंचे पालकों और प्रबंधन के बीच जमकर कहासुनी हुई । सैकड़ों पालकों से पैसे लेने के बाद ही परिणाम दिए गए।

इस पर प्रबंधन का कहना है कि कई एेसे बच्चे हैं, जिनकी फीस पिछले दो वर्षों से नहीं जमा की गई है । इसी वजह से इस तरह की कार्रवाई की गई है। वहीं पालकों का कहना है कि हम स्कूल छोड़कर तो नहीं जा रहे हैं । अगर जाते भी हैं तो स्थानांतरण व चरित्र प्रमाण-पत्र जारी करने के दौरान इसकी वसूली की जा सकती है। इस पर डीइओ का कहना है कि परीक्षा तक फीस की बात समझ आती है, पर परिणामों के दौरान एेसा होने पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।

इस घटना की सूचना देते हुए एक छात्र समित मुखर्जी ने पत्रिका को बताया कि प्रबंधन ने उनसे अगस्त-सितंबर माह की फीस दो बार ली है। इसकी शिकायत पत्रिका टीम की मौजूदगी में प्राचार्य से की गई, जिस पर उन्होंने त्वरित रूप से उनके मामले का निराकरण करते हुए छात्र को परिणाम उपलब्ध कराए।

इसके अतिरिक्त प्रबंधन की ओर से दी जा रही शुल्क की रसीद में किसी भी प्रकार की प्रबंधकीय मुहर नहीं देखने को मिली। एेसे में कोई भी रसीद देकर पैसे ले सकता है, साथ ही प्रबंधन की ओर से सिर्फ कैश के रूप में ही शुल्क वसूला जा रहा है। इस पर प्रबंधन का कहना है कि रसीद ही पर्याप्त है, इसमें किसी प्रकार के सील मुहर की कोई आवश्यकता नहीं है।

रायपुर के डीईओ एएन बंजारा ने कहा कि फीस न जमा होने पर परीक्षा से वंचित न रखा जाए इसका विशेष ख्याल रखा जाता है। यदि मुहर की शिकायत आती है, तो निश्चित रूप से उन पर कार्रवाई की जाएगी।

सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रिंसिपल वीके सिंह ने बताया कि कई एेसे बच्चे हैं जिन्होंने पिछले दो वर्षों से फीस नहीं जमा की है। एेसे में हमारे लिए कर्मियों को वेतन देने सहित कई प्रकार की समस्याएं आती हैं। रसीद में मुहर की जरूरत नहीं है, सिर्फ रसीद ही पर्याप्त है।

Published on: