रायपुर

आंधी तूफ़ान के बाद फिर लौटेगी भीषण गर्मी, छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में बारिश

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई है।

2 min read
May 07, 2026
आंधी तूफ़ान के बाद फिर लौटेगी भीषण गर्मी, छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में बारिश(photo-patrika)

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई है।

Chhattisgarh Weather Update: कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाएं चलीं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम में आए इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 4 और 4.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। रायपुर में सुबह 8:30 बजे तक 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुटरू में 5 सेंटीमीटर, लाभांडीह में 4 सेंटीमीटर और रायपुर में 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम बदलने की वजह क्या है?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ी हैं।

अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

अब फिर बढ़ेगा तापमान

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आज से प्रदेश में मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

रायपुर का मौसम रहेगा बदला-बदला

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, बिजली कड़कने के समय पेड़ों और खंभों के नीचे खड़े न होने तथा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Published on:
07 May 2026 10:35 am
Also Read
View All