
कोहरे की चादर (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Chhattisgarh Weather Update: उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के हिस्सों पर सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और बीते 24 घंटों में हुई बारिश ने प्रदेश के वातावरण को नमी से सराबोर कर दिया है। हवा की गति थमने (औसत महज 1 किमी/घंटा) और वातावरण में अत्यधिक आर्द्रता घुलने के कारण रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में सुबह से शाम तक कोहरे और धुंध (मिस्ट/हेज़) का जबरदस्त असर देखा गया।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के लाइव ट्रैकर के अनुसार, शाम 4.30 बजे तक भी राजधानी रायपुर में धुंध और बादलों के चलते दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर मात्र 2.9 किलोमीटर के दायरे में सिमटी रही। इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद कम हो गई। यही वजह है कि हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
वहीं, जगदलपुर में 96%, अंबिकापुर में 95%, राजनांदगांव में 94%, माना एयरपोर्ट पर 90% और दुर्ग में 84% नमी रही। शाम 5:30 बजे तक भी बिलासपुर-पेंड्रारोड में 85% और रायपुर में 80% नमी बनी रही। रायपुर में 60 फीसदी बादल छाए रहने और हवा की औसत गति मात्र 1 किमी प्रति घंटा रहने के कारण नमी की परत जमीन की सतह के करीब ही ठहर गई, जिससे सुबह के समय घना कोहरा और दिन भर धुंधली स्थिति बनी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश पर बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से सोमवार (23 नवंबर) और आगामी दो दिनों तक प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। रायपुर में सोमवार को आंशिक बादल रहेंगे और अधिकतम तापमान 29°C व न्यूनतम 20°C के आसपास रहेगा। अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान (जो रविवार को जगदलपुर में सबसे कम 15.9°C और रायपुर-अंबिकापुर में 19.2°C रहा) में बड़ा बदलाव नहीं होगा।
कोहरा : तभी माना जाता है जब विजिबिलिटी 1 किलोमीटर (1000 मीटर) से कम हो।
धुंध या कुहासा : जब विजिबिलिटी 1 किलोमीटर से 5 किलोमीटर के बीच होती है।
सामान्य दृश्यता: 5 से 8 किलोमीटर की विजिबिलिटी को मौसम विज्ञान में 'कोहरा' नहीं, बल्कि हल्की धुंध या सामान्य दृश्यता कहा जाता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Nov 2026, 12:03 PM IST
Published on:
23 Nov 2026, 12:03 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




