
Imported Liquor Price: भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी नजर आने लगा है। प्रदेश में प्रीमियम विदेशी शराब की कीमतों में बदलाव किया गया है। आबकारी विभाग ने विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी दे दी है। इसमें जॉनी वॉकर, चिवास रीगल और सिंगलटन जैसे कई महंगे और चर्चित ब्रांड शामिल हैं। नई दरों के मुताबिक, कुछ ब्रांडों के एक केस की कीमत में हजारों रुपए तक की कमी आई है।
आबकारी विभाग की पुरानी और नई दरों की तुलना से कीमतों में आई कमी का अंदाजा लगाया जा सकता है। जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत करीब 5 हजार रुपए कम हुई है। वहीं, सिंगलटन 12 ईयर के एक केस पर लगभग 2,817 रुपए की कमी दर्ज की गई है।
राज्य के वाणिज्यिक कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए पांच प्रमुख कंपनियों के 33 विदेशी शराब ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतों और बेवरेजेस कॉरपोरेशन की खरीद दरों को स्वीकृति दी है। नई सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे ब्रांड शामिल हैं।
दरअसल, भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते के तहत ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में कटौती की गई है। पहले इस पर 150 प्रतिशत आयात शुल्क लगता था, जिसे घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है। इस बदलाव से ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की के आयात की लागत कम होने का रास्ता खुला है।
यह समझौता 15 जुलाई 2026 से प्रभावी हुआ। इसके तहत अगले 10 वर्षों में आयात शुल्क को चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाने का प्रावधान है। इसी के बाद विदेशी शराब की नई दरों को लेकर राज्य स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
नई दरों में बदलाव के बाद अब ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दुकानों पर भी विदेशी शराब पहले से सस्ती मिलेगी? हालांकि, कंपनियों की आयात लागत और सरकारी खरीद दरों में कमी आने का मतलब यह नहीं है कि खुदरा कीमतों में भी उतनी ही कटौती होगी। ग्राहकों को वास्तविक राहत कितनी मिलेगी, यह राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण नीति, वितरण खर्च और अन्य शुल्कों पर निर्भर करेगा। ऐसे में नई दरों का असर दुकानों पर मिलने वाली कीमतों में कितना दिखाई देगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।