
रायपुर/कांकेर. रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित राजधानी अस्पताल पर कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के ग्राम पीवी-15 और पीवी-43 की 15 महिलाओं की किडनी निकालने का आरोप लगा है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इससे इनकार किया है। इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने भी जांच कराने की बात कही है।
पीडि़त महिलाओं ने बताया कि एक सप्ताह पहले राजधानी अस्पताल के डॉक्टर पखांजूर आए थे। ग्राम पंचायत पीवी-15 की 10 और पीवी 43 की 5 बुजुर्ग महिलाओं का इलाज मुफ्त में कराने का दावा किया। आरोप है कि हाथ-पांव में दर्द के इलाज के लिए जब यह महिलाएं राजधानी अस्पताल पहुंचीं तो उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। डॉक्टरों ने कहा कि हाथ-पैर की बीमारी पेट संबंधी है। सभी मरीजों का ऑपरेशन करना पड़ेगा, तभी यह बीमारी ठीक होगी।
महिलाओं ने ऑपरेशन कराने से मना किया तो डॉक्टरों ने कहा, उन्हें 20-20 हजार रुपया जमा कराना होगा। महिलाओं को डराया गया कि यदि रुपए नहीं दिए तो बाहर नहीं जाने देंगे। मजबूरी में सभी महिलाओं ने ऑपरेशन कराने के लिए सहमती दे दी। इसके बाद अस्पताल में इन महिलाओं के पेट और पीठ में ऑपरेशन कर दिया गया। तीन-चार दिन बाद इन महिलाओं को उनके गृह ग्रामों में छोड़ दिया गया।
घर पहुंची महिलाओं की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने पेट और पीठ में ऑपरेशन कर किडनी निकाल लेने का सनसनी खेज आरोप लगाते हुए कलक्टर से शिकायत की है। इनका हुआ ऑपरेशन : ग्राम पीवी-15 निवासी कमला मंडल, विपुला सरकार, शांतिरतन, मंजू विश्वास, आलामति विश्वास, रेनु विश्वास, नेपालभक्त, लक्ष्मी, सुभद्रा और एक अन्य के पेट और पीठ में ऑपरेशन किया गया है।
कांकेर सीएमएचओ डॉ. जेएल उईके ने कहा इस मामले में दो तरह की गड़बड़ी सामने आ रही है। किसी भी बाहर के अस्पताल में स्मार्ट कार्ड से इलाज से पहले स्वास्थ्य विभाग से अनुमति लेनी थी, जो नहीं किया गया है। इन बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। रायपुर अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर महिलाओं के पेट का ऑपरेशन किया गया है, जांच की जा रही है।
रायपुर के राजधानी अस्पताल के संचालक डॉ. संजय जादवानी ने बताया मरीजों के लगाए गए आरोप सरासर गलत है। स्मार्ट कार्ड से उनका इलाज किया गया है, जिसकी अनुमति स्मार्ट कार्ड विभाग द्वारा ली गई थी। अस्पताल की तरफ से उक्त गांव में कोई कैंप नहीं लगाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जांच टीम आई थी। जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली है। आगे भी इस मामले में किसी भी जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन तैयार है।