
रायपुर . पिछले 22 दिनों से डेंगू का कहर झेल रहे भिलाई की हालत को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। चंद्राकर ने रविवार को कहा कि वीआइपी दौरों की वजह से लोगों का ध्यान मरीजों से हटता है। ऐसे में वे वहां नही जाकर रायपुर से ही प्रभावित क्षेत्रों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, डेंगू के इलाज के लिए सरकार ने संजीवनी योजना के नियमों को शिथिल कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के जरिए कैंप चल रहे हैं। डेंगू मच्छर साफ पानी मे पनपता है इसलिए कूलर, टायर जैसी जगहों से पानी की सफाई की जा रही है। बुखार के पीडि़तों की तुरंत जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में कोआर्डिनेटर बनाए गए हैं जो लोगों को इलाज में मदद कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने साफ किया कि डेंगू के मौजूदा वायरस की पहचान हो गई है। यह सिरोन टाइप-3 वायरस है। उन्होंने कहा, यह महामारी नहीं है। स्थिति अब नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा, सरकारी अस्पतालों के बेड की कमी से होने वाली असुविधा को देखते हुए निजी अस्पतालों को भी इलाज में सहयोग करने को कहा गया है। उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे डेंगू के मरीजों के इलाज में सहयोग करें नहीं तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने डेंगू के प्रकोप के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। सिंहदेव ने कहा, भाजपा 15 वर्षों से सरकार में है। उसे इतना तो पता होना ही चाहिए कि बरसात के समय प्रदेश में मलेरिया और डेंगू फैलता है। ऐसे में प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए थी। सरकार ऐसा कर पाने नाकाम रही। अब प्रदेश के कई हिस्सों से डेंगू के प्रकोप की खबरें आ रही हैं। लोग कह रहे हैं कि सरकार उनकी मदद नहीं कर रही है।
मंत्री राजेश मूणत प्रभार के गृह जिले दुर्ग में डेंगू 23 लोगों की जान ले चुका है। 3000 से भी अधिक लोग अब तक प्रभावित हो चुके हैं। इसके बाद भी झांकने तक नहीं आए। 13 अगस्त को केंद्रीय सडक़ एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने चरोदा आए, लेकिन चंद कदम दूर डेंगू प्रभावित क्षेत्र भिलाई आना मुनासिब नहीं समझा। यह कहकर वहीं से लौट गए कि अधिकारियों ने पूरी रिपोर्ट दे दी है।
- डेंगू पर नियंत्रण के लिए पूरा प्रशासनिक अमला लगा हुआ है। किसी को जिम्मेदार ठहराने की बात नहीं है। हां, लोगों को जागरूक होना पड़ेगा।
- हां कुछ व्यस्तता की वजह से नहीं आ पाया लेकिन पूरी स्थिति पर मेरी नजर हैं।
- हां, मैंने वहीं से अधिकारियों से पूरी जानकरी ले ली थी। मेरा राजनांदगांव में कार्यक्रम है। उस समय भिलाई आऊंगा।