रायपुर

स्मार्ट मीटर के विरोध में रायपुर कांग्रेस का प्रदर्शन! अधिकारियों से पूछा- अनिवार्य नहीं तो नोटिस क्यों?

Raipur Congress protest: रायपुर में स्मार्ट मीटर लगाने के नोटिस के विरोध में कांग्रेस ने विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
2 min read
Sep 10, 2026
Raipur Congress protest
Raipur Congress protest: तीन दिन में सहमति देने का नोटिस(photo-patrika)

Raipur Congress protest: छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे नोटिस के विरोध में कांग्रेस ने विद्युत मंडल अधिकारियों के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में गुढ़ियारी, कोटा और रामनगर क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुराने मीटर वाले घरों में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे उपभोक्ताओं को डराने वाला कदम बताया और तत्काल कार्रवाई रोकने की मांग की।

Chhattisgarh smart meter: तीन दिन में सहमति देने का नोटिस

कांग्रेस के अनुसार, गुढ़ियारी, कोटा, रामनगर सहित शहर के कई क्षेत्रों में उन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाया है या इसे लेकर आपत्ति जताई है। नोटिस में तीन दिन के भीतर स्मार्ट मीटर लगाने की सहमति देने और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कांग्रेस ने इसे आपत्तिजनक और नियम विरुद्ध बताते हुए विरोध जताया।

अधिकारियों से पूछा- अनिवार्य नहीं तो नोटिस क्यों?

श्रीकुमार शंकर मेनन ने प्रदर्शन के दौरान विद्युत मंडल के अधिकारियों से सवाल किया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सार्वजनिक रूप से स्मार्ट मीटर को अनिवार्य नहीं होने की बात कह चुके हैं, तो फिर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर दबाव क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस के जरिए लोगों में भय का माहौल बनाया जा रहा है।

स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए इसे सरकार की अवैध वसूली का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर को लेकर आपत्ति है, उनकी बात सुनी जानी चाहिए और जबरन मीटर लगाने के बजाय स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान कमलकांत शुक्ला, डॉ. अन्नू राम साहू, सुंदर जोगी, मनीष शर्मा, किशन लाल बाजारी, आकाश दीवान, नरेश गड़पाल, ईश्वर चक्रधारी, कुंदन सिन्हा, राशिद खान, दीपेंद्र ठाकुर, भरत यादव, प्यारेलाल, विनय चावड़ा, वेंकट कुमार, वेंकट राव, राजेन्द्र साहू और धरम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Updated on:
10 Sept 2026 12:45 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:45 pm