रायपुर

विशेष न्यायाधीश ने सीबीआइ को लगाई फटकार, वापस की अधूरी चार्जशीट

सीबीआइ के नोटिस मिलने के बाद भूपेश बघेल सुबह करीब 11.15 बजे कांग्रेस नेताओं और अपने सर्मथकों के साथ पैदल ही अदालत में पहुंचे
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2018, 9:23 AM IST
bhupesh baghel
विशेष न्यायाधीश ने सीबीआइ को लगाई फटकार, वापस की अधूरी चार्जशीट

रायपुर . मंत्री की कथित सेक्स सीडीकांड में विवेचना पूरी करने के बाद सीबीआइ ने सोमवार को अदालत में आरोपपत्र पेश किया। लेकिन, इसे देखते ही विशेष न्यायाधीश सुमीत कपूर ने सीबीआइ के अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने अधूरा आरोपपत्र को लौटा दिया। साथ ही तुरंत इसे सुधारकर पेश करने की हिदायत दी।

कोर्ट की फटकार के बाद सीबीआइ अफसर भागते हुए वीआइपी रोड स्थित मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीडीकांड में आरोपी बनाए गए भूपेश बघेल, विनोद वर्मा, विजय भाटिया, कैलाश मुरारका, विजय और मृतक रिंकू खनूजा की फोटो सहित अन्य दस्तावेजी खानापूर्ति की। दोपहर करीब 3 बजे दोबारा इसे अदालत में सीबीआइ के स्पेशल अभियोजक रजक कुमार द्वारा पेश किया गया। इस दौरान विशेष न्यायाधीश ने दस्तावेजों का निरीक्षण करने के बाद इसे स्वीकार किया।

सीबीआई की भूमिका पर जताई आपत्ति
सीबीआइ के नोटिस मिलने के बाद भूपेश बघेल सुबह करीब 11.15 बजे कांग्रेस नेताओं और अपने सर्मथकों के साथ पैदल ही अदालत में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए सीबीआइ की भूमिका पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्हे झूठे मामले में फंसाया गया है। राज्य सरकार बिलासपुर में हुए लाठीचार्ज की घटना से सहमी हुई है। इस घटनाक्रम से सभी का ध्यान हटाने के लिए ही जल्दीबाजी में चालान पेश किया जा रहा है।

कांग्रेसियों का अदालत परिसर में हंगामा
भूपेश बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल ले जाते समय कांग्रेसियों ने अदालत परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर वाहन को रोक लिया। आधे घंटे की कड़ी मशक्त के बाद किसी तरह भूपेश को पुलिस की वाहन में बैठाया गया। लेकिन, युकां के पदाधिकारी कार की छत पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

किसी तरह वाहन को कोर्ट परिसर से बाहर निकाला गया। लेकिन, वह जेल परिसर में भी पहुंच गए। गौरतलब है कि पीसीसी अध्यक्ष के सर्मथन में प्रमुख रूप से कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा, मो. अकबर, धनेन्द्र साहू सहित चरणदास मंहत, रविन्द्र चौबे, अमितेष शुक्ल, कुलदीप जुनेजा, राजकमल सिंघानिया, महापौर प्रमोद दुबे, किरणमयी नायक, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पत्रिका के सवाल विनोद वर्मा के जवाब
- विनोद वर्मा आप सीबीआइ की चार्जशीट के बारे में क्या कहना चाहेंगे ?
मेरी 60 दिनों तक जमानत यह कहकर नहीं होने दी गई कि मैं ब्लैकमेलिंग कर रहा था ,अब चार्जशीट में धारा 384 हटा दी गई है यह आश्चर्यजनक है। पुलिस और सरकार ने मेरे 30 साल के पत्रकारिता के कैरियर को दागदार करने की कोशिश की है।

- क्या आप कैलाश मुरारका को लेकर दिल्ली में भूपेश बघेल से मिलने गए थे?
जी कत्तई नहीं। भूपेश बघेल जब भी दिल्ली जाते हैं मुझे एयरपोर्ट पहुंचकर फोन करते हैं उस रोज भी किया था। यह सच्चाई है कि होटल में मिले थे, लेकिन मैं कैलाश मुरारका को लेकर नहीं गया था, हम सभी अलग अलग समय से वहां पहुंचे।

- क्या आपने सीडी बनाने के लिए 9500 रुपए का भुगतान किया था ?
मैं क्यों पैसा दूंगा? यह सब सीबीआइ की अपनी थ्योरी है। पहले वो कह रहे थे 1500 सीडी बनाई गई अब चार्जशीट में कह रहे हैं 500 सीडी बनाई गई। यह क्या है?

- आप पर आरोप है कि आपने अपने मोबाइल से पार्न क्लिप सर्कुलेट की ?
जी मैंने दो एडिटर्स को भेजा था और उनका नंबर भी सीबीआइ को दिया था। सीबीआइ ने न तो उनसे बात की, न ही उन्हें गवाह बनाने की जरुरत समझी ।

- भूपेश बघेल पर लगे आरोपों के बारे में क्या कहेंगे ?
अगर हाथ में सीडी लहराना अपराध है तो सरकार को पहले इंदिरा प्रियदर्शिनी और अंत:गढ़ सीडी मामले में कारवाई करनी चाहिए। आरोप तो कोई कुछ भी लगा सकता है।

Published on: